शमशाबाद, फर्रुखाबाद। नगर क्षेत्र में लेनदेन के विवाद को लेकर दो पक्षों के बीच जमकर मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित पक्ष ने पांच लोगों पर मारपीट, गाली-गलौज और मोबाइल छीनने का आरोप लगाते हुए थाना पुलिस को शिकायती पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है।
जानकारी के अनुसार नगर पंचायत शमशाबाद के मोहल्ला मुबारकपुर निवासी रचना पत्नी धर्मेंद्र ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि कुछ लोगों ने फोन कर उनके पति धर्मेंद्र को शमशाबाद बाजार बुलाया। आरोप है कि वहां पहुंचने पर पांच आरोपियों ने उनके पति के साथ गाली-गलौज करते हुए मारपीट की और उनका मोबाइल फोन छीन लिया।
धर्मेंद्र की मां रामबेटी पत्नी रामलखन ने भी आरोप लगाया कि घटना के बाद आरोपी ऑटो से उनके घर पहुंचे, जहां उन्होंने अभद्रता करते हुए गाली-गलौज की।
घटना के बाद पीड़ित पक्ष ने थाना पुलिस को तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। वहीं, थानाध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि दोनों पक्षों के बीच लेनदेन का विवाद है। प्रथम दृष्टया मोबाइल छीनने का आरोप सही नहीं पाया गया है। मामले की जांच की जा रही है, जांच के आधार पर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
लेनदेन के विवाद में दो पक्षों में मारपीट, मोबाइल छीनने का आरोप; पुलिस जांच में जुटी


