शमशाबाद, फर्रुखाबाद। घरेलू उत्पीड़न का मामला सामने आया है, जहां विरोध करने पर पति ने पत्नी के साथ मारपीट कर उसे घर से निकाल दिया। पीड़िता ने अपने पिता के साथ थाना पहुंचकर आरोपी पति के खिलाफ तहरीर देकर न्याय की गुहार लगाई है।
जानकारी के अनुसार थाना क्षेत्र के ग्राम रमापुर जसू निवासी नंदिनी पत्नी मनोज ने अपने पिता फकीरे लाल निवासी कोतवाली जलालाबाद, जनपद शाहजहांपुर के साथ बुधवार को शमशाबाद थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई। पीड़िता ने बताया कि उसका विवाह लगभग तीन वर्ष पूर्व मनोज के साथ हुआ था। विवाह के कुछ समय बाद से ही पति द्वारा गाली-गलौज और उत्पीड़न किया जाने लगा।
तहरीर में आरोप लगाया गया है कि पति का उत्पीड़न लगातार जारी रहा और बुधवार को भी आरोपी ने गाली-गलौज करते हुए मारपीट की। विरोध करने पर उसे घर से बाहर निकाल दिया गया।
पीड़िता ने आरोपी पति के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस से न्याय की गुहार लगाई है। थानाध्यक्ष सचिन चौधरी ने बताया कि मामला संज्ञान में आया है, तहरीर के आधार पर जांच कर आगे की आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।
उत्पीड़न का विरोध करने पर पत्नी को पीटकर घर से निकाला, थाने पहुंची पीड़िता ने लगाई गुहार


