31 C
Lucknow
Friday, September 4, 2026

तालाब में नहाने गए दो बच्चों की डूब कर मौत, दो घंटे की मशक्कत के बाद निकला शव

Must read

बहराइच: बहराइच के रुपईडीहा थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत मकनपुर (Gram Panchayat Makanpur) के नारायणजोत मजरे में गुरुवार को तालाब (pond) में नहाने गए दो बच्चों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही ग्रामीण मौके पर जुट गए और करीब दो घंटे तक तालाब में बच्चों की तलाश की. कड़ी मशक्कत के बाद दोनों के शव तालाब से बाहर निकाले गए। घटना से परिवारों में कोहराम मच गया।

जानकारी के अनुसार, श्रावस्ती जिले के मल्हीपुर थाना क्षेत्र के सलारपुर गांव निवासी संदीप वर्मा (14) रक्षाबंधन के अवसर पर अपने ननिहाल शिव बढ़ैया गांव आया था, उसकी ननिहाल आसाराम वर्मा के यहां थी, जबकि रामनाथ वर्मा उसके मामा हैं। गुरुवार को संदीप अपने मामा के बेटे अरविंद और गांव के ही दीपेंद्र सोनकर (12) के साथ गांव के बाहर उत्तर दिशा में स्थित सिरकुंडा तालाब पर नहाने गया था।

नहाते समय संदीप और दीपेंद्र गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। इस दौरान अरविंद तालाब के बाहर था. दोनों बच्चों को डूबता देखकर वह घबराकर गांव पहुंचा और ग्रामीणों को घटना की जानकारी दी। जानकारी मिलते ही ग्रामीण तालाब पर पहुंचे और बच्चों की तलाश शुरू कर दी। करीब दो घंटे की मशक्कत के बाद ग्रामीणों ने दोनों बच्चों के शव तालाब से बाहर निकाल लिए। इसी बीच पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई. बाद में गोताखोरों की टीम को भी बुलाया गया था।

बताया गया कि दीपेंद्र सोनकर कक्षा 5 का छात्र था और गांव के ही विद्यालय में पढ़ता था। वह अपने माता-पिता का बड़ा बेटा था और उसका एक छोटा भाई भी है, उसके पिता दिल्ली में मजदूरी करते हैं. वहीं संदीप वर्मा कक्षा 8 में पढ़ता था और अपने माता-पिता की दो संतानों में छोटा था। वह सलारपुर गांव में पढ़ाई करता था। उसके पिता किसान हैं और मजदूरी भी करते हैं।

रक्षाबंधन के अवसर पर ननिहाल आए संदीप के साथ हुए हादसे से परिवार में मातम छा गया। रुपईडीहा थाना प्रभारी निरीक्षक हरेंद्र कुमार मिश्र ने बताया कि दोनों बच्चों के शवों का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा रहा है। मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है। हादसे के बाद गांव में भी शोक का माहौल है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। घटना ने ग्रामीणों को भी गमगीन कर दिया।

 

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article