36.6 C
Lucknow
Sunday, July 12, 2026

‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत भंगौरा में वृक्षारोपण, 1000 पौधों का वितरण

Must read

 

फर्रुखाबाद। नवाबगंज विकासखंड के भंगौरा गांव स्थित मंदिर परिसर में रविवार को ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान के तहत भव्य वृक्षारोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान लगभग 1000 पौधों का वितरण किया गया, जबकि अनेक पौधे परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों में रोपे भी गए। कार्यक्रम में पूर्व मंत्री एवं पूर्व विधायक नरेंद्र सिंह यादव, जिला पंचायत प्रतिनिधि सचिन सिंह यादव तथा क्षेत्र के अनेक जनप्रतिनिधि एवं ग्रामीण मौजूद रहे।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मंत्री नरेंद्र सिंह यादव ने कहा कि पेड़ मानव जीवन का आधार हैं। पेड़ों से शुद्ध ऑक्सीजन, स्वच्छ वातावरण और हरियाली प्राप्त होती है, इसलिए प्रत्येक व्यक्ति को अधिक से अधिक पौधे लगाने के साथ उनकी नियमित देखभाल और संरक्षण का संकल्प लेना चाहिए। उन्होंने कहा कि यदि लगाए गए पौधों का संरक्षण नहीं किया जाएगा तो वृक्षारोपण अभियान का उद्देश्य अधूरा रह जाएगा।

जिला पंचायत प्रतिनिधि सचिन सिंह यादव ने जल संरक्षण और पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि “जल ही जीवन है” और पेड़ों के बिना जीवन की कल्पना संभव नहीं है। उन्होंने कहा कि कोरोना महामारी के दौरान पूरी दुनिया ने ऑक्सीजन का महत्व समझा। साथ ही गिरते भूजल स्तर पर चिंता जताते हुए बताया कि पहले जहां लगभग 70 फीट पर पानी मिल जाता था, वहीं अब जलस्तर लगातार नीचे जा रहा है। उन्होंने सभी लोगों से अपने जीवनकाल में कम से कम 100 पेड़ लगाने तथा अपनी मां के नाम एक पौधा अवश्य रोपित करने का आह्वान किया।

इस अवसर पर विनीत भारद्वाज और कमल भारद्वाज ने भी पर्यावरण संरक्षण को जनआंदोलन बनाने की अपील करते हुए प्रत्येक व्यक्ति से कम से कम एक पौधा लगाने और उसकी देखभाल करने का संकल्प लेने का आग्रह किया।

कार्यक्रम में जिला पंचायत सदस्य यशवीर आर्य, बाबा बलरामदास, सितवनपुर के प्रधान शेर सिंह, राहुल यादव सहित बड़ी संख्या में ग्रामीणों ने सहभागिता की और पर्यावरण संरक्षण का संकल्प लिया।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article