36.6 C
Lucknow
Sunday, July 12, 2026

10-12 दिनों से फुंका ट्रांसफॉर्मर, अंधेरे में जीने को मजबूर ग्रामीण; बारिश में बढ़ा खतरा

Must read

 

अमृतपुर

थाना क्षेत्र के ग्राम रतनपुर में पिछले 10 से 12 दिनों से ट्रांसफॉर्मर फुंक जाने के कारण पूरे गांव की बिजली व्यवस्था ठप पड़ी हुई है। लगातार विद्युत आपूर्ति बाधित रहने से ग्रामीणों का जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। भीषण उमस और गर्मी के बीच लोग रातभर जागने को मजबूर हैं, जबकि बरसात के मौसम में गांव में फैला जलभराव और घना अंधेरा किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहा है।ग्रामीणों का आरोप है कि ट्रांसफॉर्मर खराब होने की सूचना कई बार विद्युत विभाग को दी गई, लेकिन अब तक नया ट्रांसफॉर्मर नहीं लगाया गया। बिजली न होने से पेयजल संकट गहरा गया है, घरेलू कार्य प्रभावित हैं और बच्चों की पढ़ाई भी बाधित हो रही है। शाम ढलते ही पूरा गांव अंधेरे की चादर में डूब जाता है।
लगातार हो रही बारिश के कारण गांव की गलियों और निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति बनी हुई है। ग्रामीणों का कहना है कि पानी भरने से सांप, बिच्छू व अन्य जहरीले जीव घरों की ओर निकल रहे हैं। अंधेरे के चलते हर समय अनहोनी की आशंका बनी रहती है और ग्रामीण भय के साए में जीवन यापन कर रहे हैं।स्थानीय निवासी रमाकांत ने बताया कि ट्रांसफॉर्मर खराब हुए करीब 10 से 12 दिन हो चुके हैं, लेकिन अभी तक बिजली बहाल नहीं हो सकी है। चेतराम ने कहा कि भीषण गर्मी में छोटे बच्चों और बुजुर्गों को सबसे अधिक परेशानी उठानी पड़ रही है। हिमांशु श्रीवास्तव का कहना है कि बिजली न होने से गांव का सामान्य जनजीवन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। वहीं रामबाण ने आरोप लगाया कि विभाग की ओर से केवल आश्वासन मिल रहे हैं, लेकिन समस्या का समाधान नहीं किया जा रहा।मामले में विद्युत विभाग के जेई हर्ष सागर ने बताया कि फुंके हुए ट्रांसफॉर्मर को बदलने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। आवश्यक औपचारिकताएं पूरी कर ली गई हैं और जल्द ही नया ट्रांसफॉर्मर लगाकर गांव की विद्युत आपूर्ति सुचारु कर दी जाएगी। ग्रामीणों को शीघ्र राहत दिलाने के प्रयास किए जा रहे हैं।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article