अमृतपुर/फर्रुखाबाद: बदायूं मार्ग (Amritpur-Badaun road) पर बाबूजी फैमिली ढाबा के निकट एक दर्दनाक सड़क हादसा (road accident) हो गया। बाइक सवार मोहित पुत्र श्रीकृष्ण अपनी वहन के यहां भांजी गौरी एवं माता मझिली को लेकर जा रहा था। इसी दौरान अचानक संतुलन बिगड़ने से बाइक से महिला गिर गई और गंभीर रूप से घायल हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
स्थानीय लोगों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा को कई बार फोन किया, लेकिन करीब आधे घंटे तक एंबुलेंस मौके पर नहीं पहुंची। इस दौरान घायल महिला सड़क पर ही दर्द से तड़पती रही। महिला के मुंह व माथे पर गंभीर चोटें आईं और काफी देर तक सहायता न मिलने से हालत चिंताजनक बनी रही। एंबुलेंस के देर से पहुंचने पर लोगों में आक्रोश देखने को मिला।
इसके बाद मामले की सूचना थाना पुलिस और 112 डायल सेवा को दी गई। सूचना मिलते ही दरोगा रवि सोलंकी व 112 पुलिस टीम मौके पर पहुंची और घायल महिला की मदद की। करीब आधे घंटे बाद एंबुलेंस घटनास्थल पर पहुंची, जिसके माध्यम से घायल महिला को राजेपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भिजवाया गया। घटना के दौरान सड़क पर भारी भीड़ लगी रही। एंबुलेंस सेवा की लापरवाही को लेकर स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए समय पर चिकित्सा सहायता न मिलने पर सवाल खड़े किए।


