28 C
Lucknow
Saturday, August 29, 2026

एक ही रात में दो जगह चोरों का धावा, पुलिस गश्त पर उठे सवाल

Must read

मुख्य चौराहे पर जनरल स्टोर का शटर तोड़ने का प्रयास, गोदाम से नकदी, मोटर और बिजली के तार चोरी
कंपिल, फर्रुखाबाद। कस्बे में पुलिस की रात्रि गश्त और सुरक्षा व्यवस्था के दावों के बीच चोरों ने एक ही रात में दो अलग-अलग स्थानों पर वारदात को अंजाम देकर पुलिस को चुनौती दे दी। मुख्य चौराहे के पास जनरल स्टोर का शटर तोड़ने का प्रयास किया गया, जबकि कायमगंज रोड स्थित एक गोदाम से नकदी, कीमती मोटर और बिजली की केबल चोरी कर ली गई। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से व्यापारियों में दहशत और पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर रोष है।
कस्बे के मुख्य चौराहे पर सुरजीत शाक्य का जनरल स्टोर है। रविवार सुबह उनके भाई सुनील शाक्य दुकान पर पहुंचे तो शटर का ऊपरी हिस्सा क्षतिग्रस्त मिला। आशंका जताई गई कि रात में चोरों ने शटर तोड़कर दुकान के अंदर घुसने का प्रयास किया। हालांकि शटर पूरी तरह नहीं टूट सका, जिससे दुकान के भीतर चोरी होने से बच गई।
दूसरी वारदात कायमगंज रोड पर ऑटो पार्ट्स की दुकान के पीछे बने गोदाम में हुई। नगर पंचायत के सेवानिवृत्त लिपिक अजय सक्सेना रविवार दोपहर अपने बेटे के साथ गोदाम पहुंचे तो कमरे का लोहे का दरवाजा कुंडे समेत उखड़ा मिला। अलमारी का ताला तोड़कर उसमें रखे 8,000 रुपये नकद चोरी कर लिए गए। इसके अलावा बरामदे में रखी कीमती डायनेमो मोटर तथा कमरों में बिछाई गई बिजली की केबल भी चोर काटकर ले गए।
बताया गया कि चोर रस्सी के सहारे छत से नीचे उतरे और गोदाम में प्रवेश कर वारदात को अंजाम दिया। एक ही रात में कस्बे के मुख्य चौराहे से लेकर प्रमुख मार्ग तक हुई दो घटनाओं ने पुलिस की रात्रि गश्त पर सवाल खड़े कर दिए हैं। व्यापारियों का कहना है कि यदि पुलिस की सक्रिय गश्त होती तो मुख्य चौराहे जैसे व्यस्त स्थान पर चोर शटर तोड़ने का प्रयास नहीं कर पाते।
घटना की जानकारी मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच-पड़ताल की। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालने में जुटी है, ताकि चोरों का सुराग लगाया जा सके।
नगर इंचार्ज जितेंद्र कुमार ने बताया कि दोनों मामलों की जांच की जा रही है। सीसीटीवी फुटेज समेत अन्य बिंदुओं पर पड़ताल कर चोरी की घटनाओं का खुलासा करने का प्रयास किया जा रहा है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article