झांसी: उत्तर प्रदेश के झांसी (Jhansi) के बबीना थाना क्षेत्र के पंजाबी कॉलोनी इलाके में स्थित ठाकुर बाबा मंदिर (Thakur Baba Temple) में कल देर रात एक बड़ी चोरी हुई। पुलिस ने गुरुवार को बताया कि अज्ञात चोरों ने मंदिर को निशाना बनाया और दान पेटी, ठाकुर बाबा का चांदी का मुकुट और शिवलिंग पर रखा तांबे का सर्प समेत कई कीमती सामान लेकर फरार हो गए।
मंदिर के पुजारी महेंद्र यादव के अनुसार, उन्हें गुरुवार सुबह मंदिर पहुंचने पर घटना का पता चला। उन्होंने बताया, मंदिर के अंदर का सामान बिखरा पड़ा था और दान पेटी गायब थी। उन्होंने आगे बताया कि पेटी में लगभग 10,000 से 15,000 रुपये थे। चोरों ने मंदिर के अंदर एक अलमारी भी तोड़ दी और उसमें रखा चांदी का मुकुट चुरा लिया।
इसके अलावा, शिवलिंग पर चढ़ाया गया तांबे का सर्प भी चोरी हो गया। चोरी की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में स्थानीय निवासी मंदिर परिसर में जमा हो गए और उन्होंने आक्रोश व्यक्त करते हुए पुलिस से त्वरित कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलते ही बबीना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। थाना प्रभारी विनय कुमार साहू ने बताया कि मामले को सुलझाने के लिए एक पुलिस टीम गठित की गई है। अपराधियों की पहचान के लिए आसपास के इलाकों के सीसीटीवी फुटेज की जांच की जा रही है।


