नई दिल्ली: दिल्ली के तिमारपुर इलाके में स्थित DRDO के हाई-सिक्योरिटी रेजिडेंशियल कॉम्प्लेक्स (High-Security Residential Complex) में चोरी की बड़ी घटना सामने आई है। अज्ञात चोरों ने परिसर के भीतर महिला वैज्ञानिक के घर को निशाना बनाते हुए लाखों की संपत्ति पर हाथ साफ कर दिया। घटना राम नारायण साइंटिस्ट हॉस्टल परिसर में हुई, जहां चोरों ने कथित तौर पर ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया।
इसके बाद उन्होंने करीब 45 से 50 लाख रुपये मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण, विदेशी मुद्रा और नकदी चोरी कर ली। घटना की सूचना मिलने के बाद दिल्ली पुलिस (Delhi Police) ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और सुरक्षा व्यवस्था में संभावित चूक की भी जांच की जा रही है।
तिमारपुर थाने में दर्ज शिकायत के अनुसार, अज्ञात चोरों ने घर के तीन ताले तोड़कर भीतर प्रवेश किया और बाद में स्टील की अलमारी को क्षतिग्रस्त कर उसमें रखे कीमती सामान लेकर फरार हो गए। शिकायतकर्ता सीमा गौतम ने पुलिस को बताया कि वह घटना के समय अपनी बेटी और पति से मिलने चंडीगढ़ गई हुई थीं, जहां उनके पति वर्तमान में तैनात हैं। उनकी अनुपस्थिति के दौरान पड़ोसियों ने घर के टूटे हुए ताले देखे और तुरंत उन्हें सूचना दी।
शिकायत के अनुसार, चोर घर के पीछे की ओर के ताले तोड़कर अंदर घुसे और वहां से करीब 280 ग्राम सोने के आभूषण तथा लगभग 300 ग्राम चांदी के जेवर चोरी कर ले गए। चोरी गए सामान में नेकलेस सेट, कान की बाली, 6 चूड़ियां, चेन, अंगूठियां, बच्चों के आभूषण, चांदी की पायल और चांदी के सिक्के शामिल हैं। इसके अलावा, चोर 2 महंगी घड़ियां और विदेशी मुद्रा भी ले गए, जिसमें 20 पाउंड और 50 दिरहम शामिल हैं। साथ ही 15 हजार रुपये नकद भी चोरी होने की बात कही गई है।
पुलिस अधिकारियों के अनुसार, यह घटना 15 मई से 23 मई के बीच हुई, जब महिला साइंटिस्ट अपने परिवार से मिलने के लिए चंडीगढ़ गई हुई थीं। वापसी पर 23 मई को उन्होंने पाया कि घर का सारा सामान बिखरा हुआ है और गहने, नकदी तथा अन्य कीमती सामान गायब हैं। मामले की शिकायत मिलने के बाद तिमारपुर थाने में FIR दर्ज कर ली गई है और दिल्ली पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
क्राइम और फॉरेंसिक टीमों ने घटनास्थल का निरीक्षण किया है और साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। पुलिस अब आसपास लगे CCTV कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। अधिकारियों को शक है कि आरोपियों ने वारदात से पहले रेकी की होगी और पूरी योजना बनाकर घर को निशाना बनाया। फिलहाल इस मामले में किसी भी आरोपी की गिरफ्तारी नहीं हुई है और जांच जारी है।


