नई दिल्ली। परीक्षाओं और भर्ती प्रक्रियाओं में कथित अनियमितताओं को लेकर देशभर में चल रहे विरोध प्रदर्शन के बीच कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के संस्थापक अभिजीत दीपके ने बड़ा बयान दिया है। उन्होंने कहा कि जब तक केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा नहीं देते, तब तक उनका आंदोलन जारी रहेगा।
अभिजीत दीपके ने रविवार को कहा कि नई दिल्ली के जंतर-मंतर पर शनिवार को आयोजित प्रदर्शन को व्यापक जनसमर्थन मिला। उनके अनुसार इस विरोध प्रदर्शन में करीब 7,000 लोगों ने हिस्सा लिया और युवाओं ने भर्ती परीक्षाओं में पारदर्शिता तथा जवाबदेही की मांग बुलंद की।
उन्होंने आरोप लगाया कि लगातार सामने आ रहे पेपर लीक, भर्ती परीक्षाओं में गड़बड़ियों और चयन प्रक्रियाओं पर उठ रहे सवालों ने युवाओं का भरोसा कमजोर किया है। ऐसे में सरकार को जवाब देना होगा और जिम्मेदारी तय करनी होगी।
दीपके ने दावा किया कि जंतर-मंतर का प्रदर्शन आंदोलन की शुरुआत भर है। अब इस अभियान को देशव्यापी स्वरूप दिया जाएगा और विभिन्न राज्यों में युवाओं को जोड़कर व्यापक जनआंदोलन खड़ा किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि यह लड़ाई केवल नौकरी की नहीं, बल्कि देश के करोड़ों युवाओं के भविष्य और उनके अधिकारों की है। जब तक परीक्षा प्रणाली में सुधार और जवाबदेही सुनिश्चित नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रहेगा।


