फर्रुखाबाद। भगवान विष्णु के छठे अवतार भगवान परशुराम के जन्मोत्सव पर शहर में आस्था और उत्साह का अद्भुत संगम देखने को मिला। रेलवे रोड स्थित पांडेश्वर नाथ मंदिर से निकली भव्य शोभायात्रा ने पूरे शहर को भक्तिमय कर दिया। बैंड-बाजों और जयघोष के बीच निकली इस यात्रा का विभिन्न स्थानों पर भव्य स्वागत किया गया, जहां श्रद्धालुओं ने आरती उतारकर पुष्पवर्षा की।
शोभायात्रा रेलवे रोड से प्रारंभ होकर चौक, नेहरू रोड, घूमनगंज होते हुए स्टेट बैंक मार्ग से गुजरती हुई ब्राह्मण समाज धर्मशाला पहुंचकर संपन्न हुई। पूरे मार्ग में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ी रही और “जय परशुराम” के नारों से वातावरण गूंजता रहा।
इसके साथ ही बद्रीविशाल कॉलेज में भगवान परशुराम जन्मोत्सव का भव्य आयोजन किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत गणेश पूजन से हुई, जिसके बाद वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महाभिषेक और हवन-यज्ञ संपन्न हुआ। हवन में उपस्थित ब्राह्मणों ने आहुतियां देकर धर्म और समाज की सुख-समृद्धि की कामना की।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि अयोध्या धाम से पधारे महंत कमल नयन दास महाराज ने भगवान परशुराम के व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उनका जीवन अन्याय के विरुद्ध संघर्ष और धर्म की स्थापना का प्रतीक है।
कार्यक्रम संरक्षक महंत ईश्वरदास ब्रह्मचारी और अध्यक्षता महंत ओंकारदास महाराज के सान्निध्य में आयोजित इस आयोजन में कई संत-महात्मा, जनप्रतिनिधि और समाजसेवी मौजूद रहे। अंत में सामूहिक आरती के बाद प्रसाद वितरण और भंडारे का आयोजन किया गया, जिसमें सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया।
इस पूरे आयोजन में ब्राह्मण समाज की बड़ी भागीदारी देखने को मिली। शहर में निकली यह शोभायात्रा न केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक बनी, बल्कि सामाजिक एकता और सांस्कृतिक परंपराओं को भी मजबूती देने का संदेश दे गई।
भगवान परशुराम की भव्य शोभायात्रा बैंड बाजे के साथ गूंजा शहर- जगह-जगह पुष्पवर्षा


