अयोध्या। आजाद समाज पार्टी के सांसद चंद्रशेखर आजाद ने शनिवार को बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में पार्टी प्रत्याशी देवेश के समर्थन में आयोजित जनसभा में सरकार पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि किसी भी सरकार को जनता को इतना नहीं दबाना चाहिए कि लोग उसके खिलाफ खड़े हो जाएं और फिर बचने का कोई रास्ता न बचे। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी बदले की नहीं, बदलाव की राजनीति में विश्वास करती है।
चंद्रशेखर ने कहा कि सरकार के इशारे पर उनके खिलाफ तीन दर्जन से अधिक मुकदमे दर्ज किए गए। उन्होंने कहा कि राजनीति में आने का उद्देश्य सत्ता की ताकत हासिल कर किसी को नुकसान पहुंचाना नहीं, बल्कि हर व्यक्ति को उसका अधिकार दिलाना है। उन्होंने बेरोजगारी और भर्तियों को बड़ा मुद्दा बताते हुए कहा कि बीएड, बीटीसी, डॉक्टर और कर्मचारी समेत कई वर्ग अपनी मांगों को लेकर आंदोलन कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि उनकी सरकार बनी तो कक्षा एक से 12 तक गुणवत्तापूर्ण मुफ्त शिक्षा, बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं, रोजगार और सड़क, बिजली-पानी जैसी बुनियादी सुविधाओं पर काम किया जाएगा। मजदूरों के न्यूनतम वेतन को 753 रुपये करने की मांग भी उन्होंने उठाई। पुलिसकर्मियों की आठ घंटे की ड्यूटी, वेतन विसंगतियां दूर करने तथा उनके परिवारों के लिए आवास, स्कूल और अस्पताल जैसी सुविधाएं उपलब्ध कराने की बात कही।
अपराध और कानून-व्यवस्था के मुद्दे पर चंद्रशेखर ने कहा कि आरोपी और अपराधी में अंतर होता है, लेकिन अपराधी चाहे किसी भी जाति या धर्म का हो, उसके साथ अपराधी जैसा ही व्यवहार होना चाहिए। उन्होंने कहा कि अपराधियों को जाति और धर्म के आधार पर संरक्षण देने से अपराध कम नहीं होगा, बल्कि उनके हौसले बढ़ेंगे।
रामलगन मौर्य हत्याकांड का जिक्र करते हुए चंद्रशेखर ने पीड़ित परिवार को न्याय का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि अगले छह माह में हालात बदलेंगे और अपराध करके बचने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। जनसभा में बड़ी संख्या में महिलाएं और पार्टी कार्यकर्ता मौजूद रहे।


