नवाबगंज में रविवार दोपहर बिजली विभाग ने बिना किसी पूर्व सूचना के बिजली सप्लाई बंद कर दी। भीषण गर्मी में लोगों को इससे काफी परेशानी हुई। मंझना मार्ग पर बिजली लाइन के पास खड़े 3 पेड़ों की कटाई के लिए दोपहर करीब 2:30 बजे अचानक सप्लाई रोकी गई।
बिजली विभाग की टीम ने लाइन खोलकर पेड़ों की कटाई का काम शुरू किया। यह काम रविवार रात 8 बजे तक चला, जिससे बिजली बंद रही।
इसी दौरान नवाबगंज नगर के मोहम्मदाबाद मार्ग पर खड़े दो अन्य पेड़ों की भी कटाई की गई। बिना सूचना के बिजली बंद रहने से नगरवासियों को गर्मी में काफी दिक्कत हुई।
अचानक बिजली जाने से घरों में बच्चों, बुजुर्गों और महिलाओं को सबसे ज्यादा परेशानी हुई। लोग लगातार बिजली विभाग के नंबरों पर फोन कर कारण जानने की कोशिश करते रहे, लेकिन उनका आरोप है कि बिजलीघर का फोन नहीं उठा।
नगरवासियों का कहना है कि अगर विभाग को पेड़ों की कटाई के लिए बिजली बंद करनी थी, तो इसकी सूचना पहले से देनी चाहिए थी। इससे लोग गर्मी से बचने के लिए जरूरी इंतजाम कर पाते। लोगों ने आरोप लगाया कि विभाग लगातार बिना सूचना के बिजली काट रहा है, जिससे उपभोक्ताओं में नाराजगी बढ़ रही है।
नगरवासियों ने बिजली विभाग के अधिकारियों से मांग की है कि बिना सूचना बिजली बंद करने की व्यवस्था पर रोक लगाई जाए और कटौती की जानकारी पहले से सार्वजनिक की जाए।
इस मामले पर जेई दीपक राम ने बताया कि पेड़ों की कटाई का काम चल रहा है। करीब 5 पेड़ काटे गए हैं। काम पूरा होते ही बिजली सप्लाई बहाल कर दी जाएगी।


