कानपुर। सांसद राजेश रंजन (पप्पू यादव) ने मीडिया से बातचीत के दौरान तथाकथित ‘पर्चे वाले बाबा’ पर तीखा हमला बोला। उन्होंने बिना नाम लिए कहा कि ऐसे लोग आस्था के नाम पर जनता को भ्रमित कर रहे हैं और समाज को गुमराह करने का काम कर रहे हैं।
पप्पू यादव ने कहा कि “पर्चे वाले बाबा नकली हैं।” उन्होंने कहा कि देश में धर्म और आस्था का सम्मान होना चाहिए, लेकिन लोगों की भावनाओं का लाभ उठाकर चमत्कार या दावे करने वालों से समाज को सतर्क रहने की आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि जनता को अंधविश्वास के बजाय शिक्षा, वैज्ञानिक सोच और जागरूकता को अपनाना चाहिए।
राजनीतिक मुद्दों पर बोलते हुए सांसद ने कहा कि उनका संघर्ष केवल चुनाव तक सीमित नहीं है। उन्होंने दोहराया कि वह लगातार बिहार के अधिकारों, युवाओं, किसानों, गरीबों और वंचित वर्ग के हितों की आवाज उठाते रहेंगे। उन्होंने कहा कि बिहार को उसके विकास, रोजगार, उद्योग और संसाधनों के मामले में जो अधिकार मिलने चाहिए, उनके लिए उनका संघर्ष आगे भी जारी रहेगा।
पप्पू यादव ने कहा कि संसद से लेकर सड़क तक वह जनता के मुद्दे उठाते रहे हैं और भविष्य में भी किसी दबाव में आए बिना लोगों की आवाज बनकर काम करते रहेंगे। उन्होंने कहा कि राजनीति का उद्देश्य केवल सत्ता प्राप्त करना नहीं, बल्कि आम लोगों की समस्याओं का समाधान करना होना चाहिए।


