कासगंज
शिक्षामित्रों के मानदेय में वृद्धि के बाद कलेक्ट्रेट परिसर में एक भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया, जिसमें जनप्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों ने शिक्षामित्रों को सम्मानित करते हुए प्रतीकात्मक चेक वितरित किए। कार्यक्रम के दौरान राज्य स्तरीय आयोजन का लाइव प्रसारण भी दिखाया गया, जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शिक्षामित्रों को संबोधित करते हुए सरकार की योजनाओं और उनके हितों के लिए उठाए गए कदमों की जानकारी दी।
कार्यक्रम का शुभारंभ सदर विधायक वीरेंद्र सिंह राजपूत, अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा और जिलाधिकारी प्रणय सिंह द्वारा मां सरस्वती की प्रतिमा पर दीप प्रज्वलन कर किया गया। इस अवसर पर 10 शिक्षामित्रों को प्रतीकात्मक रूप से ₹18,000 के मानदेय के चेक प्रदान किए गए, जबकि जिले के सभी शिक्षामित्रों के बैंक खातों में अप्रैल 2026 का बढ़ा हुआ मानदेय सीधे ट्रांसफर कर दिया गया।
कार्यक्रम में उपस्थित वक्ताओं ने कहा कि शिक्षामित्र शिक्षा व्यवस्था की रीढ़ हैं, जिनके योगदान से प्राथमिक शिक्षा को मजबूती मिली है। सरकार द्वारा उनके मानदेय में की गई यह वृद्धि उनके जीवन स्तर को सुधारने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में बताया कि पहले शिक्षामित्रों को मात्र ₹3,500 मानदेय मिलता था, जिसे बढ़ाकर ₹10,000 किया गया और अब 1 अप्रैल 2026 से इसे बढ़ाकर ₹18,000 प्रति माह कर दिया गया है। उन्होंने आश्वासन दिया कि शिक्षामित्रों के हितों की रक्षा और उनके भविष्य को सुरक्षित करने के लिए सरकार आगे भी लगातार प्रयास करती रहेगी।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में शिक्षामित्र, जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे। सभी ने मुख्यमंत्री के संबोधन को ध्यानपूर्वक सुना और सरकार के इस निर्णय का स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला, जहां शिक्षामित्रों ने सरकार के प्रति आभार व्यक्त किया और इसे अपने जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने वाला कदम बताया।


