कौशांबी
जिले के सैनी कोतवाली क्षेत्र में सोमवार शाम एक महिला का संदिग्ध शव मिलने से इलाके में हड़कंप मच गया। घटना नरसिंहपुर कछुआ गांव की है, जहां ग्रामीणों ने खेत में शव पड़े होने की सूचना पुलिस को दी।
जानकारी के मुताबिक, पावर हाउस के आगे और टाटा मोटर्स परिसर के पीछे स्थित एक खेत में करीब 35 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध हालत में पाया गया। शव देख स्थानीय लोगों में दहशत फैल गई और देखते ही देखते मौके पर भीड़ जुट गई।
सूचना मिलने पर थाना प्रभारी सैनी त्रिलोकी नाथ पांडेय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर शिनाख्त कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार महिला ने काले रंग की साड़ी पहन रखी थी और उसकी नाक से खून निकल रहा था। स्थानीय लोगों के बीच आशंका जताई जा रही है कि महिला की हत्या कर शव को खेत में फेंका गया है, हालांकि पुलिस ने अभी इसकी पुष्टि नहीं की है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए जा रहे हैं। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है, जिसकी रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा।
फिलहाल पुलिस महिला की पहचान करने और घटना के पीछे के कारणों का पता लगाने में जुटी हुई है।


