*लखनऊ:* श्रावण मास में आयोजित होने वाली कांवड़ यात्रा, सावन मेला एवं अन्य धार्मिक आयोजनों को ध्यान में रखते हुए सुएज इंडिया ने शहर में विशेष सफाई अभियान शुरू किया है। अभियान का उद्देश्य श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराना है, ताकि उन्हें यात्रा के दौरान किसी भी प्रकार की गंदगी या जलभराव का सामना न करना पड़े।
मानसून के दौरान शहर के कई क्षेत्रों में नालियां सीवर मैनहोल से जुड़ी होने के कारण अपशिष्ट पदार्थ सीवर नेटवर्क में पहुंच जाते है, जिससे सीवर जाम होने और जलभराव की स्थिति उत्पन्न हो जाती है। इस चुनौती से निपटने के लिए सुएज इंडिया की टीम लगातार सीवर मैनहोल की सफाई कर उनमें जमा अपशिष्ट पदार्थों को निकालने का कार्य कर रही है।
महाप्रबंधक, जलकल विभाग के निर्देशानुसार जलकल विभाग एवं सुएज इंडिया की संयुक्त टीमें पूरे श्रावण मास के दौरान विशेष सफाई अभियान चलाकर कांवड़ यात्रा मार्गों और प्रमुख धार्मिक स्थलों पर स्वच्छता व्यवस्था बनाए रखने में जुटी हुई है। अधिकारियों का कहना है कि श्रद्धालुओं की सुविधा और निर्बाध आवागमन सुनिश्चित करना उनकी सर्वोच्च प्राथमिकता है।


