कमालगंज : कमालगंज थाना क्षेत्र के पिथूपुर मेहंदिया गांव में मामूली सी बात ने बड़ा रूप ले लिया। खेत की मेड़ काटने को लेकर दो पक्षों में कहासुनी हुई और देखते ही देखते दोनों तरफ से लाठी-डंडे और दरांती चल गईं। इस खूनी संघर्ष में कुल छह लोग घायल हो गए।
एक पक्ष के अशोक पुत्र भगवान दास ने बताया कि वे अपने खेत में पानी लगा रहे थे, तभी दूसरे पक्ष के लोगों ने मेड़ काटने को लेकर विवाद शुरू कर दिया और मारपीट करने लगे। उनका आरोप है कि बीच-बचाव करने आए ब्रजपाल और उनकी बेटी मंजू पर भी हमला कर दिया गया, जिससे वे दोनों घायल हो गए।
वहीं दूसरे पक्ष के शिवकुमार पुत्र रामनरेश का कहना है कि उन्होंने जब खेत की मेड़ काटने का विरोध किया, तो सामने वाले पक्ष ने उन पर हमला बोल दिया। इस पक्ष से शिवकुमार, रामनरेश और रीता देवी घायल हुए हैं।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और सभी घायलों को चिकित्सीय परीक्षण के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा।
कमालगंज थाना प्रभारी निरीक्षक राम सहाय सिंह ने बताया कि दोनों पक्षों से तहरीरें प्राप्त हो गई हैं। सभी घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और मुकदमा दर्ज कर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है।
खेत की मेड़ के विवाद में चलीं लाठी-डंडे और दरांती, 6 घायल


