नई दिल्ली। राम मंदिर चढ़ावा विवाद को लेकर सोमवार को संसद परिसर में समाजवादी पार्टी के सांसदों ने जोरदार प्रदर्शन किया। संसद के मकर द्वार पर दानपेटी रखकर INDI गठबंधन के सांसदों से चंदा जुटाया गया। प्रदर्शन के दौरान जुटी राशि की सांसदों ने वहीं बैठकर गिनती की, जिसमें कुल 47,100 रुपये निकले। सपा सांसदों ने घोषणा की कि यह पूरी राशि अयोध्या स्थित राम मंदिर में दान की जाएगी।
प्रदर्शन के दौरान सांसद डिंपल यादव ने दानपेटी में राशि डाली और गिनती पर नजर बनाए रखी। सांसद धर्मेंद्र यादव और राम शिरोमणि वर्मा ने नोटों की गिनती की, जबकि अक्षय प्रताप ने दानदाताओं का विवरण दर्ज किया। अयोध्या सांसद अवधेश प्रसाद ने कहा कि यह धन पूरी पारदर्शिता के साथ राम मंदिर भेजा जाएगा और “एक भी पैसा चोरी नहीं होने दिया जाएगा।”
इस दौरान डिंपल यादव ने भाजपा और आरएसएस पर निशाना साधते हुए राम मंदिर ट्रस्ट में आए चंदे और दान की पारदर्शिता पर सवाल उठाए। वहीं, संसद के दोनों सदनों में विपक्ष के हंगामे के चलते लोकसभा और राज्यसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई। दूसरी ओर, इस मुद्दे पर पहले हुए प्रदर्शन को लेकर राहुल गांधी, अवधेश प्रसाद और पप्पू यादव के खिलाफ वाराणसी में एफआईआर भी दर्ज की जा चुकी है।


