28 C
Lucknow
Wednesday, August 26, 2026

शाहजहांपुर: जैतीपुर में सगे भाइयों का झगड़ा छुड़ाने गई महिला की हत्या, सिर पर हथियार से किया हमला

Must read

 

शाहजहांपुर। थाना जैतीपुर क्षेत्र के गांव नवादा मोड़ में मंगलवार रात करीब 10:30 बजे एक दर्दनाक घटना हो गई। पड़ोस में सगे भाइयों के बीच हो रहे झगड़े को शांत कराने गई 58 वर्षीय महिला पर एक भाई ने हथियार से हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल महिला की देर रात मेडिकल कॉलेज में इलाज के दौरान मौत हो गई।

मृतका की पहचान अनारकली (58) पत्नी स्व. रामप्रकाश, निवासी नवादा मोड़ के रूप में हुई है।

परिजनों के अनुसार मंगलवार रात गांव में ही रहने वाले सगे भाई पुष्पेंद्र और रामसागर के बीच किसी बात को लेकर झगड़ा हो रहा था। आवाज सुनकर पड़ोस में रहने वाली अनारकली बीच-बचाव करने पहुंच गई। आरोप है कि इसी दौरान गुस्से में आए पुष्पेंद्र ने अनारकली के सिर पर किसी धारदार हथियार से हमला कर दिया। हमले में वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ी।

परिजन आनन-फानन में उसे लेकर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जैतीपुर पहुंचे, जहां डॉक्टरों ने हालत गंभीर देख प्राथमिक उपचार के बाद उसे राजकीय मेडिकल कॉलेज शाहजहांपुर रेफर कर दिया। मेडिकल कॉलेज में देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।

बताया गया कि अनारकली के पति रामप्रकाश की पहले ही मौत हो चुकी है। वह अपने बेटे पुष्पेंद्र और बेटी विनीता के साथ रहती थी। अचानक हुई इस घटना से बेटे-बेटी का रो-रोकर बुरा हाल है।

घटना की सूचना पुलिस को दी गई है। थाना प्रभारी रामेंद्र सिंह ने बताया कि महिला के शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। अभी तक परिजनों की ओर से कोई तहरीर प्राप्त नहीं हुई है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article