शाहजहांपुर। जैतीपुर थाना क्षेत्र के पिटरहाई गांव में मंगलवार सुबह घर में घुसकर मारपीट और पथराव का सनसनीखेज मामला सामने आया है। इस घटना में एक युवती और उसकी नानी घायल हो गईं। पीड़िता की तहरीर पर जैतीपुर पुलिस ने सात लोगों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
गांव निवासी कुसुम ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि मंगलवार सुबह करीब 7 बजे उनकी बेटी शिखा घर पर चाय बना रही थी। आरोप है कि इसी दौरान पड़ोसी अनिल, गट्टू मिस्त्री, रामसुआ, गोदीवाले, बल्ला तथा वागेश और नीरज लाठी-डंडे और धारदार हथियार लेकर पड़ोसी प्रमोद की दीवार के जीने के रास्ते उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने गाली-गलौज करते हुए शिखा के साथ मारपीट शुरू कर दी।
कुसुम ने बताया कि उन्होंने किसी तरह अपनी बेटी को बचाया। इसके बाद आरोपियों ने उनके घर पर ईंट-पत्थर फेंके। एक ईंट उनकी मां रामदेई के सीने में लगी, जिससे वह घायल हो गईं। शिखा के माथे पर भी चोट आई।
तहरीर में यह भी आरोप लगाया गया है कि सोमवार शाम को भी इन्हीं आरोपियों ने उनकी मां को पिटरहाई चौराहे पर रोककर विवाद किया था।
इस संबंध में थाना प्रभारी रामेंद्र सिंह ने जानकारी देते हुए बताया कि प्राप्त तहरीर के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस घटना की गहनता से जांच कर रही है और जांच के निष्कर्षों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।


