38.3 C
Lucknow
Sunday, June 28, 2026

सेशेल्स ने पीएम मोदी को दिया सर्वोच्च नागरिक सम्मान

Must read

 

हिंद महासागर को बनाएंगे ‘मौकों का महासागर : नरेंद्र मोदी

विक्टोरिया (सेशेल्स)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को उनकी तीन दिवसीय राजकीय यात्रा के दौरान सेशेल्स के सर्वोच्च राष्ट्रपति सम्मान ‘गार्डियन ऑफ़ द ब्लू होराइज़न’ से सम्मानित किया गया। यह पहला अवसर है जब सेशेल्स ने किसी विदेशी राष्ट्राध्यक्ष को अपने इस सर्वोच्च सम्मान से नवाजा है। सम्मान प्रदान करते हुए सेशेल्स के राष्ट्रपति पैट्रिक हरमिनी ने भारत और सेशेल्स के बीच मजबूत होते संबंधों तथा वैश्विक स्तर पर पर्यावरण संरक्षण एवं समुद्री सहयोग में भारत की भूमिका की सराहना की।

सम्मान ग्रहण करने के बाद प्रधानमंत्री मोदी ने इसे भारत के 1.4 अरब नागरिकों का सम्मान बताते हुए जलवायु परिवर्तन की चुनौतियों से जूझ रहे सभी देशों और भारत-सेशेल्स की अटूट मित्रता को समर्पित किया। उन्होंने कहा कि दोनों देश मिलकर हिंद महासागर क्षेत्र को शांति, समृद्धि और अवसरों का केंद्र बनाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।

प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत पर्यावरण संरक्षण, सतत विकास, ब्लू इकोनॉमी और छोटे द्वीपीय देशों के विकास के लिए लगातार कार्य कर रहा है। उन्होंने मिशन LiFE, ‘एक पेड़ मां के नाम’, इंटरनेशनल सोलर अलायंस (ISA) और डिजास्टर रेजिलिएंट इंफ्रास्ट्रक्चर (CDRI) जैसी पहलों का उल्लेख करते हुए कहा कि भारत वैश्विक स्तर पर जलवायु चुनौतियों से निपटने में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।

यह दौरा भारत और सेशेल्स के बीच राजनयिक संबंधों की 50वीं वर्षगांठ और सेशेल्स के 50वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर हुआ। दोनों देशों ने इस मौके पर विशेष स्मृति लोगो जारी किया तथा 175 मिलियन अमेरिकी डॉलर के आर्थिक सहयोग पैकेज के अंतर्गत चल रही परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की। इसके साथ ही डिजिटल भुगतान, अंतरिक्ष, स्वास्थ्य, कृषि और समुद्री सुरक्षा सहित कई क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के लिए महत्वपूर्ण समझौतों पर हस्ताक्षर किए गए। प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि भारत अपने डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के अनुभव भी सेशेल्स के साथ साझा करेगा, जिससे दोनों देशों की साझेदारी और मजबूत होगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article