25.5 C
Lucknow
Friday, October 9, 2026

सेवा संकल्प ट्रॉफी 2026 का आगाज, डॉ. निशंक बोले—दिव्यांग क्रिकेट का प्रमुख केंद्र बनेगी काशी

Must read

 

– उत्तर प्रदेश ने बिहार को 9 रन से हराया, बंगाल ने उड़ीसा को 8 विकेट से दी शिकस्त

वाराणसी।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित सेवा संकल्प माह के अंतर्गत वाराणसी में सेवा संकल्प ट्रॉफी 2026 टी-20 दिव्यांग क्रिकेट टूर्नामेंट का शुभारंभ हुआ। उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं पूर्व केंद्रीय शिक्षा मंत्री डॉ. रमेश पोखरियाल ‘निशंक’ ने प्रतियोगिता का उद्घाटन करते हुए कहा कि काशी दिव्यांग क्रिकेट के विकास का प्रमुख केंद्र बनेगी। उन्होंने कहा कि दिव्यांग खिलाड़ियों को उचित अवसर और मंच उपलब्ध कराया जाए तो वे अपनी प्रतिभा से खेल जगत में नई पहचान बना सकते हैं।

डॉ. निशंक ने वाराणसी में पिछले दस वर्षों से दिव्यांग क्रिकेट को मिल रहे प्रोत्साहन की सराहना की। उन्होंने कहा कि सेवा संकल्प ट्रॉफी जैसे आयोजन खिलाड़ियों की प्रतिभा को सामने लाने के साथ ही समाज में समावेशी खेल संस्कृति को बढ़ावा देते हैं। उन्होंने दिव्यांगजनों के विकास में हरसंभव सहयोग का आश्वासन दिया।

कार्यक्रम की विशिष्ट अतिथि विधान परिषद सदस्य अन्नपूर्णा सिंह ने दिव्यांगजनों के विकास एवं सशक्तीकरण के लिए सहयोग का भरोसा दिलाया। कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा काशी क्षेत्र के अध्यक्ष अशोक चौरसिया ने की। उन्होंने कहा कि दिव्यांगजनों के सर्वांगीण विकास और समाज की मुख्यधारा में उनकी भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए पर्याप्त अवसर उपलब्ध कराना जरूरी है।

परिचय एवं टॉस कार्यक्रम में पूर्व विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह और विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया। समारोह में पद्मश्री सम्मानित विमल जैन, राहुल गुप्ता, रोहित गुप्ता, रोशन द्विवेदी, अखिलेश यादव, प्रांजल अग्रहरि, शशि भूषण त्रिपाठी, रविकांत सिंह, शैलेश त्रिपाठी, संयोजक वीरभद्र सिंह और मीडिया प्रभारी डॉ. मनोज तिवारी सहित कई गणमान्य व्यक्ति, पदाधिकारी और खेल प्रेमी उपस्थित रहे।

आयोजन समिति के अध्यक्ष सिद्धार्थ सिंह ने अतिथियों का स्वागत एवं आभार व्यक्त किया। संचालन ऑल इंडिया दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के महासचिव डॉ. संजय चौरसिया ने किया। दिव्यांग क्रिकेट एसोसिएशन के अध्यक्ष डॉ. उत्तम ओझा ने खिलाड़ियों, अतिथियों और आयोजन में सहयोग करने वालों के प्रति आभार जताया।
प्रतियोगिता का पहला मुकाबला उत्तर प्रदेश और बिहार की दिव्यांग क्रिकेट टीमों के बीच खेला गया। बिहार ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए उत्तर प्रदेश की टीम ने 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 119 रन बनाए। उत्तर प्रदेश की ओर से ओमवीर ने 19 गेंदों पर 22 रन बनाए, जिसमें 2 शानदार छक्के शामिल रहे।

बिहार की ओर से एमडी संजूर ने 4 ओवर में 16 रन देकर 2 विकेट लिए, जबकि अजय कुमार ने 4 ओवर में 18 रन देकर 2 खिलाड़ियों को आउट किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बिहार की टीम 20 ओवर में 9 विकेट खोकर 110 रन ही बना सकी। इस तरह उत्तर प्रदेश ने 9 रन से मुकाबला जीत लिया। बिहार की ओर से राजीव और अमित कुमार ने 17-17 रन बनाए। उत्तर प्रदेश के ओमवीर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए 4 ओवर में 15 रन देकर 3 विकेट हासिल किए। उनके शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें मैन ऑफ द मैच चुना गया।
दूसरा मुकाबला उड़ीसा और बंगाल की टीमों के बीच दूधिया रोशनी में खेला गया। बंगाल ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी का निर्णय लिया। बल्लेबाजी करने उतरी उड़ीसा की टीम 66 रन बनाकर ऑलआउट हो गई। उड़ीसा की ओर से नरेश ने 26 गेंदों पर 2 चौकों की मदद से सर्वाधिक 29 रन बनाए।
बंगाल की ओर से मुदसर खान ने घातक गेंदबाजी करते हुए 2.5 ओवर में 8 रन देकर 6 विकेट झटके। लक्ष्य का पीछा करने उतरी बंगाल की टीम ने 8 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया। बंगाल के सुकुमार ने 18 गेंदों पर 4 चौकों और 2 छक्कों की मदद से शानदार 38 रन बनाए। उड़ीसा की ओर से योगेंद्र ने 2 ओवर में 22 रन देकर 1 विकेट लिया। बेहतरीन गेंदबाजी के लिए मुदसर खान को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
मैचों के दौरान मैदान दर्शकों से खचाखच भरा रहा। दिव्यांग खिलाड़ियों ने शानदार चौके-छक्के लगाकर और बेहतरीन कैच पकड़कर दर्शकों का दिल जीत लिया। खिलाड़ियों के उत्कृष्ट प्रदर्शन पर मैदान तालियों की गड़गड़ाहट से गूंजता रहा। मुकाबलों की कमेंट्री वरुण सिंह ने की।
सेवा संकल्प ट्रॉफी 2026 का उद्देश्य दिव्यांग खिलाड़ियों को बेहतर मंच प्रदान करना, उनकी खेल प्रतिभा को प्रोत्साहित करना और समाज में समान अवसर एवं समावेशी खेल संस्कृति को मजबूत करना है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article