29 C
Lucknow
Tuesday, September 15, 2026

पति-पत्नी के अर्धनग्न शव मिलने से सनसनी, हत्या या आत्महत्या में उलझी पुलिस

Must read

 

बिजनौर। जलालपुर काजी गांव के पास जंगल और गंगा किनारे मंगलवार को पति-पत्नी के शव मिलने से सनसनी फैल गई। पति देशराज उर्फ छोटे (40) का शव जंगल में पेड़ से लटका मिला, जबकि उसकी पत्नी सुषमा (37) का शव करीब एक किलोमीटर दूर गंगा किनारे झाड़ियों में पड़ा था। दोनों शवों की स्थिति संदिग्ध मिलने के बाद पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।

परिजनों के मुताबिक, दंपती सोमवार सुबह करीब 10 बजे नहर की पटरी पर लकड़ी काटने के लिए घर से निकले थे। देर शाम तक दोनों वापस नहीं लौटे तो परिजनों ने तलाश शुरू की। जंगल में उनकी दरांती और चप्पलें मिलीं, लेकिन दोनों का कोई पता नहीं चला। सूचना पर पुलिस भी तलाश में जुटी रही। मंगलवार सुबह दोबारा खोजबीन के दौरान पहले देशराज का शव पेड़ पर मिला और कुछ देर बाद सुषमा का शव गंगा किनारे बरामद हुआ।

सुषमा के शव के पैर दुपट्टे से बंधे होने और शरीर पर कपड़े नहीं होने की बात सामने आई है। वहीं देशराज के शव की स्थिति भी असामान्य बताई गई। दोनों शवों के बीच करीब एक किलोमीटर की दूरी होने से घटना को लेकर कई सवाल खड़े हो गए हैं। परिजनों ने हत्या की आशंका जताते हुए निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

मृतक की बहन मोनी ने आरोप लगाया कि उसके भाई और भाभी की हत्या की गई है। उसका कहना है कि सुषमा के शव की स्थिति देखकर मामला आत्महत्या का नहीं लगता। बेटी कशिश ने भी माता-पिता की हत्या किए जाने की आशंका जताई है। घटना के बाद परिवार में कोहराम मचा है और बच्चों का रो-रोकर बुरा हाल है।

पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। एएसपी सिटी डॉ. कृष्ण गोपाल सिंह ने बताया कि पति-पत्नी के शव मिले हैं। तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर पूरे मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत की वास्तविक वजह और घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

पुलिस फिलहाल दो पहलुओं पर जांच कर रही है। पहला, दंपती की हत्या कर शव अलग-अलग स्थानों पर फेंके जाने की आशंका और दूसरा, पति द्वारा पत्नी की हत्या करने के बाद आत्महत्या किए जाने की संभावना। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों, पोस्टमार्टम रिपोर्ट और परिजनों के बयानों के आधार पर मामले की कड़ियां जोड़ने में जुटी है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article