29 C
Lucknow
Thursday, August 27, 2026

व्यापारियों की समस्याओं पर डीएम सख्त, अतिक्रमण के खिलाफ चलेगा अभियान

Must read

 

बैंक ऋण की लंबित पत्रावलियों का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश, आवारा पशु छोड़ने वाले पशुपालकों पर होगी कार्रवाई

फर्रुखाबाद, 27 अगस्त। जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में गुरुवार को कलेक्ट्रेट सभागार, फतेहगढ़ में उद्योग बंधु एवं व्यापार बंधु की बैठक आयोजित हुई। बैठक में नवीन उद्यमों की स्थापना, बैंक स्तर पर लंबित ऋण प्रकरणों, अतिक्रमण, यातायात, आवारा पशुओं और बंदरों समेत व्यापारियों एवं उद्यमियों से जुड़ी विभिन्न समस्याओं पर विस्तार से चर्चा हुई।

नवीन उद्यमों की स्थापना के लिए बैंकों को भेजी गई लंबित ऋण पत्रावलियों की समीक्षा के दौरान जिलाधिकारी ने नाराजगी जताई। उन्होंने संबंधित बैंक अधिकारियों को लंबित प्रकरणों का शीघ्र निस्तारण कराने के निर्देश दिए। साथ ही लंबित मामलों की जानकारी बैंक के उच्चाधिकारियों को तत्काल देने और अगली बैठक तक की गई कार्रवाई की रिपोर्ट प्रस्तुत करने को कहा।

अतिक्रमण पर डीएम का कड़ा रुख

व्यापारियों और उद्यमियों ने नगर में पटरी पर सब्जी विक्रेताओं तथा ठेले-खोंचे वालों के खड़े होने से पैदल राहगीरों के लिए रास्ता बाधित होने और जाम की समस्या से अवगत कराया। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को अभियान चलाकर अतिक्रमण हटाने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने के निर्देश दिए।

अवैध पार्किंग की समस्या पर भी डीएम ने तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने संबंधित अधिशासी अधिकारी को मौके का निरीक्षण कर समस्या का समाधान कराने तथा आवश्यकता के अनुसार लैंटल डलवाने की कार्रवाई सुनिश्चित करने को कहा।

सड़कों पर आवारा पशु छोड़े तो होगी कार्रवाई

बैठक में आवारा पशुओं की समस्या भी प्रमुखता से उठी। जिलाधिकारी ने मुख्य पशु चिकित्सा अधिकारी से अब तक पकड़े गए आवारा पशुओं की जानकारी ली और सड़कों पर घूम रहे पशुओं को पकड़कर आश्रय स्थलों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।

उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए कि दूध निकालने के बाद गायों को सड़कों पर खुला छोड़ने वाले पशुपालकों के विरुद्ध नियमानुसार सख्त कार्रवाई और चालान किया जाए।

बंदरों की समस्या का स्थायी समाधान तलाशने के निर्देश

व्यापारियों ने नगर में बढ़ती बंदरों की संख्या से होने वाली परेशानी भी जिलाधिकारी के सामने रखी। डीएम ने बंदरों को पकड़कर वन क्षेत्र में छोड़ने के निर्देश दिए। व्यापारियों ने बताया कि वन क्षेत्र में छोड़े जाने के बाद बंदर दोबारा शहर में लौट आते हैं।
इस पर जिलाधिकारी ने अधिकारियों को समस्या का संज्ञान लेते हुए व्यावहारिक एवं स्थायी समाधान तलाशने और प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों पर हो चालान

व्यापारियों ने चौक समेत नगर के विभिन्न चौराहों और तिराहों पर यातायात नियमों तथा ट्रैफिक लाइट का पालन न होने की समस्या भी उठाई। जिलाधिकारी ने यातायात एवं पुलिस विभाग के अधिकारियों को नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्रवाई करने तथा यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने कहा कि व्यापारियों की समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर त्वरित निस्तारण किया जाए। नगर में सुगम यातायात, स्वच्छ एवं सुरक्षित वातावरण बनाए रखने के लिए सभी संबंधित विभाग आपसी समन्वय से प्रभावी कार्रवाई करें।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी विनोद कुमार गौड़, उपायुक्त उद्योग सोनम जिंदल, अधिशासी अधिकारी नगर पालिका विनोद कुमार सहित संबंधित जिला स्तरीय अधिकारी एवं व्यापार बंधु के सदस्य उपस्थित रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article