लखनऊ: रिपब्लिकन पार्टी ऑफ इंडिया (RPI) के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं केंद्रीय मंत्री डॉ. रामदास आठवले ने रविवार को लखनऊ (Lucknow) में आयोजित प्रेस वार्ता में पार्टी के आगामी कार्यक्रमों और उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर बड़ा ऐलान किया। उन्होंने कहा कि 26 नवंबर को संविधान दिवस के अवसर पर लखनऊ के वृंदावन डिफेंस एक्सपो मैदान में आरपीआई की प्रदेश की सबसे बड़ी रैली आयोजित की जाएगी, जिसमें करीब एक लाख कार्यकर्ताओं और समर्थकों के शामिल होने का लक्ष्य रखा गया है।
डॉ. आठवले ने बताया कि रैली में प्रदेश के प्रत्येक जिले से 500 से 1000 कार्यकर्ताओं को लाने की तैयारी की जा रही है। इसके अलावा 13 सितंबर को मुरादाबाद, 25 सितंबर को आगरा और जल्द ही आजमगढ़ में भी आरपीआई की बड़ी जनसभाएं आयोजित की जाएंगी।उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर ने देश को मजबूत संविधान दिया, जिसकी बदौलत अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, अन्य पिछड़ा वर्ग और आर्थिक रूप से कमजोर वर्ग (ईडब्ल्यूएस) को आरक्षण का अधिकार मिला।
उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव को लेकर डॉ. आठवले ने कहा कि आरपीआई ने एनडीए से 4 से 5 सीटों की मांग की है। इस संबंध में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव (संगठन) बी.एल. संतोष और भाजपा नेता सुनील बंसल से चर्चा की जाएगी. उन्होंने स्पष्ट किया कि यदि पार्टी को उचित भागीदारी नहीं मिली तो आरपीआई 20 से 25 सीटों पर अपने उम्मीदवार उतारेगी।
नीट पेपर लीक मामले पर उन्होंने सख्त कानून बनाए जाने का स्वागत करते हुए दोषियों को कड़ी सजा देने की मांग की। छात्र आंदोलन पर उन्होंने कहा कि इसकी सफलता का श्रेय अभिजीत दीपके और सोनम वांगचुक को जाता है. साथ ही उन्होंने छात्रों पर लाठीचार्ज का विरोध किया, लेकिन हिंसा, पथराव और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुंचाने की घटनाओं को गलत बताते हुए कहा कि ऐसी स्थिति में पुलिस की कार्रवाई उचित मानी जा सकती है।


