रामनगर, बाराबंकी, 25 मई 2026: रामनगर-फतेहपुर मार्ग पर सोमवार सुबह हुए सड़क हादसे में साइकिल सवार 68 वर्षीय वृद्ध की इलाज के दौरान मौत हो गई। घटना बाबा बख्श सिंह स्कूल, ग्राम किशनपुर के पास की है।
ग्राम किशनपुर निवासी राजेंद्र सिंह पुत्र दीनानाथ सिंह सोमवार सुबह करीब 9:30 बजे खेत देखने गए थे। वापसी में साइकिल से घर किशनपुर जा रहे थे। इसी दौरान रामनगर-फतेहपुर मार्ग पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार मोटरसाइकिल ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में राजेंद्र सिंह गंभीर रूप से घायल हो गए।
परिजन तुरंत उन्हें सीएचसी रामनगर ले गए। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक होने पर जिला अस्पताल बाराबंकी रेफर किया गया। वहां से हिंद मेडिकल कॉलेज भेजा गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
पूर्व प्रधान कैलाश बख्श सिंह छेदी ने बताया कि घटना की सूचना रामनगर पुलिस को दे दी गई है। सोमवार शाम शव को पोस्टमार्टम के लिए बाराबंकी में रखवा दिया गया है। मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया जाएगा। पुलिस मामले की जांच कर रही है।


