बांदा: बांदा (Banda) जिले में रफ्तार का कहर देखने को मिला है, जहां तेज रफ्तार ट्रॉला (Speeding trolley) ने बाइक को ठोकर मार दी। हादसे में मां-बेटे की मौत हो गई। वहीं घटना में पिता और दो बेटियां गंभीर रूप से घायल हुई हैं। घटना के बाद मौके पर हड़कंप मच गया। जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों की लाश का पंचनामा कर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस घटना की जांच कर रही है।
घटना कांलिजर थाना क्षेत्र के रामनगर चौराहे के पास उस वक्त घटी, जब पति-पत्नी और 3 बच्चे बाइक पर सवार होकर निमंत्रण में शामिल होने जा रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रॉला ने ठोकर मार दी। घटना इतनी भयानक थी कि बाइक के परखच्चे उड़ गए। वहीं घटना में पांचों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा होता देख आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और घटना की जानकारी पुलिस को दी।
जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और लोगों की मदद से सभी घायलों को इलाज के लिए अस्पताल भेजा। जहां डॉक्टरों ने जांच कर मां-बेटे को मृत घोषित कर दिया। घटना में मरने वालों की पहचान सुनीता (30) और शिवांश (डेढ़ वर्ष) के रूप में हुई है। वहीं पिता और 2 बेटियों का इलाज जारी है। पुलिस फरार वाहन की तलाश में जुट गई है। शिकायत के आधार पर आगे की कार्रवाई करने की बात कही जा रही है।


