– भाजपा ने 8 और सपा ने 3 पर्चे लिए
– यूपी की 10 सीटों पर 16 अक्टूबर को होगा मतदान
लखनऊ। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा की 10 सीटों के लिए चुनावी प्रक्रिया शुरू हो गई है। मंगलवार को नामांकन प्रक्रिया के पहले दिन कुल 11 नामांकन पत्र खरीदे गए, जिनमें भाजपा की ओर से 8 और समाजवादी पार्टी की ओर से 3 नामांकन पत्र लिए गए।
निर्वाचन कार्यक्रम के अनुसार 29 सितंबर से नामांकन शुरू हुआ है और 6 अक्टूबर नामांकन दाखिल करने की अंतिम तिथि निर्धारित है। 7 अक्टूबर को नामांकन पत्रों की जांच होगी, जबकि 9 अक्टूबर तक नाम वापस लिए जा सकेंगे।
राज्यसभा की 10 सीटों के लिए 16 अक्टूबर को सुबह 9 बजे से शाम 4 बजे तक मतदान होगा। मतदान समाप्त होने के बाद उसी दिन शाम 5 बजे से मतगणना शुरू की जाएगी। राज्यसभा सदस्यों का चुनाव उत्तर प्रदेश विधानसभा के निर्वाचित सदस्य करते हैं।
उत्तर प्रदेश की जिन 10 राज्यसभा सीटों पर चुनाव होना है, उनमें वर्तमान सदस्यों का कार्यकाल नवंबर में समाप्त हो रहा है। चुनाव को लेकर भाजपा और सपा दोनों ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं और प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया चल रही है।
नामांकन पत्रों की संख्या से ज्यादा महत्वपूर्ण अब यह होगा कि दोनों दल किन-किन नेताओं को आधिकारिक प्रत्याशी बनाते हैं। उम्मीदवारों की अंतिम तस्वीर नामांकन दाखिल होने के बाद स्पष्ट होगी।


