23.2 C
Lucknow
Sunday, September 27, 2026

यूपी में बारिश बनी आफत: 48 घंटे में 15 लोगों की मौत, 117 मकान क्षतिग्रस्त

Must read

 

– लखीमपुर खीरी में सबसे अधिक 4 जनहानि
– 4 पशुओं की भी मौत; प्रभावित परिवारों को राहत देने के निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में पिछले करीब 48 घंटे से जारी भारी बारिश और आंधी-तूफान ने कई जिलों में जनजीवन प्रभावित कर दिया है। अतिवृष्टि और खराब मौसम से जुड़ी घटनाओं में 15 लोगों की मौत, 5 लोगों के घायल होने और 4 पशुओं की मौत की सूचना है। इस दौरान 117 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं।
राहत आयुक्त के अनुसार, लखीमपुर खीरी में सबसे अधिक 4 लोगों की मौत हुई है। अयोध्या में 2, जबकि अमेठी, बहराइच, बांदा, बाराबंकी, बस्ती, फतेहपुर, हमीरपुर, हरदोई और कानपुर नगर में एक-एक जनहानि दर्ज की गई है। बहराइच में दीवार गिरने तथा बस्ती में आंधी-तूफान के दौरान एक व्यक्ति की मौत की जानकारी सामने आई है।
बारिश और आंधी से बांदा में 32, जालौन में 21 और हरदोई में 14 मकान क्षतिग्रस्त हुए हैं। औरैया और पीलीभीत में सात-सात तथा बहराइच और सुल्तानपुर में पांच-पांच मकानों को नुकसान पहुंचा है। फर्रुखाबाद में भी एक मकान क्षतिग्रस्त होने की सूचना है।
राहत आयुक्त के अनुसार प्रदेश के 63 जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई। पिछले 24 घंटे में प्रदेश में सामान्य से करीब 19 गुना अधिक वर्षा हुई। खास बात यह है कि फर्रुखाबाद में सामान्य से 200 गुना, कानपुर नगर में 160 गुना तथा कन्नौज, कानपुर देहात और हरदोई में 130 गुना अधिक वर्षा दर्ज की गई।
मुख्यमंत्री के निर्देश के बाद जनहानि, पशुहानि और मकानों को हुए नुकसान के मामलों में नियमानुसार राहत एवं मुआवजा वितरण की कार्रवाई शुरू कर दी गई है। जिलाधिकारियों को प्रभावित परिवारों से संपर्क कर त्वरित सहायता उपलब्ध कराने, घायलों का उपचार कराने और नुकसान का आकलन करने के निर्देश दिए गए हैं। प्रभावित किसानों की फसलों के नुकसान का भी सर्वे कराया जा रहा है।
निचले इलाकों में रहने वाले परिवारों को आवश्यकता के अनुसार बाढ़ एवं राहत शिविरों में सुरक्षित पहुंचाने की कार्रवाई की जा रही है। राहत एवं बचाव दलों को सक्रिय रखने के साथ प्रशासन को यह सुनिश्चित करने के निर्देश हैं कि प्रभावित लोगों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article