लखनऊ में 15 दिन से भटक रही प्रयागराज की 45 वर्षीय महिला को पुलिस ने उसके परिजनों से मिलवा दिया। महिला को शनिवार शाम तेलीबाग में एक मिठाई की दुकान के पास लोगों ने देखा था। महिला लोगों के सवालों का ठीक से जवाब नहीं दे पा रही थी, जिसके बाद स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर तेलीबाग चौकी के सिपाही सुमित और संजीव मौके पर पहुंचे। बातचीत के दौरान महिला ने अपने गांव का नाम भरवारी बताया। गांव का नाम सुनते ही सिपाही संजीव ने जानकारी जुटानी शुरू की, क्योंकि उनकी रिश्तेदारी शंकरगढ़ थाना क्षेत्र में है।
पुलिसकर्मी ने भरवारी गांव के प्रधान से संपर्क किया और महिला के बारे में जानकारी दी। प्रधान की मदद से महिला के पति कन्हैयालाल का मोबाइल नंबर मिला। पुलिस ने उनसे संपर्क कर महिला के लखनऊ में मिलने की जानकारी दी।
इसके बाद रविवार सुबह कन्हैयालाल अपने भतीजे विश्वजीत के साथ लखनऊ पहुंचे। पत्नी ममता को सामने देखकर कन्हैयालाल की आंखें भर आईं। उन्होंने बताया कि उनकी पत्नी की मानसिक स्थिति कुछ ठीक नहीं है और वह 12 सितंबर को अचानक घर से निकल गई थीं। इसके बाद परिवार लगातार उनकी तलाश कर रहा था।
महिला को सकुशल पाकर परिजनों ने पुलिसकर्मियों का आभार जताया। जरूरी जानकारी और पुष्टि के बाद कन्हैयालाल अपनी पत्नी ममता को साथ लेकर प्रयागराज रवाना हो गए। पुलिसकर्मियों की तत्परता से 15 दिन से भटक रही महिला अपने परिवार तक पहुंच सकी।


