शमशाबाद/फर्रुखाबाद।
घोषित बिजली कटौती और कर्मचारियों की मनमानी से परेशान किसानों का गुस्सा शनिवार को फूट पड़ा। शमशाबाद क्षेत्र के ग्राम हजियापुर स्थित विद्युत उपकेंद्र पर सैकड़ों किसानों ने पहुंचकर धरना-प्रदर्शन किया और बिजली विभाग के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। आक्रोशित भीड़ को देखते हुए उपकेंद्र के कर्मचारी मौके से नदारद हो गए, जिससे किसानों में और नाराजगी बढ़ गई।
जानकारी के अनुसार हजियापुर विद्युत उपकेंद्र से क्षेत्र के कई गांवों को बिजली आपूर्ति होती है, वहीं सैकड़ों किसानों की हजारों बीघा फसलों की सिंचाई भी इसी उपकेंद्र पर निर्भर है। किसानों का आरोप है कि पिछले कई दिनों से लगातार घोषित कटौती के चलते बिजली आपूर्ति बाधित हो रही है, जिससे उनकी फसलें सूखने की कगार पर पहुंच गई हैं।
किसानों ने बताया कि उन्होंने हजारों-लाखों रुपये की लागत से फसल तैयार की थी, लेकिन समय पर सिंचाई न होने के कारण अब उन्हें भारी नुकसान झेलना पड़ रहा है। हालात यह हैं कि दर्जनों नलकूप ठप पड़े हैं और खेतों में खड़ी फसलें पानी के अभाव में सूख रही हैं।
धरना-प्रदर्शन के दौरान भाकियू अखंड प्रदेश के प्रदेश सचिव एवं किसान नेता विवेक सिंह उर्फ विक्की ठाकुर के नेतृत्व में लगभग एक सैकड़ा किसान उपकेंद्र पहुंचे। किसानों ने कर्मचारियों पर मनमानी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि हरसिंहपुर फीडर पर तैनात लाइनमैन अपनी मर्जी से बिजली आपूर्ति नियंत्रित कर रहे हैं। आरोप है कि नगला नान गांव के पास से लाइन में छेड़छाड़ कर अन्य क्षेत्रों—गदनपुर चैन, गदनपुर वक्त, अमलेया, आशानंद और भटपुरा—की बिजली बाधित कर दी जाती है।
किसानों का कहना है कि इस वजह से लगभग पांच दर्जन नलकूपों की बिजली आपूर्ति बंद हो गई है, जिससे सिंचाई पूरी तरह ठप हो गई है। आक्रोशित किसानों ने लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ जमकर नारेबाजी की और कार्रवाई की मांग की।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही बिजली व्यवस्था में सुधार नहीं हुआ तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। किसान नेता विवेक सिंह उर्फ विक्की ठाकुर ने कहा कि अधिकारियों की लापरवाही के चलते बिजली कर्मियों की मनमानी चरम पर है, जिसका खामियाजा गरीब किसानों को भुगतना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि ऐसे लापरवाह अधिकारियों के खिलाफ आवाज बुलंद की जाए।
मौके पर मौजूद कर्मचारियों ने किसानों को समझाने का प्रयास करते हुए नियमित बिजली आपूर्ति का आश्वासन दिया, लेकिन किसान उच्च अधिकारियों से वार्ता की मांग पर अड़े रहे। स्थिति को देखते हुए सुरक्षा के मद्देनजर थाना शमशाबाद पुलिस भी मौके पर मौजूद रही।
धरना-प्रदर्शन में सतवीर ठाकुर, बृजेश गंगवार, प्रमोद गंगवार, कुलदीप गंगवार, महेश चंद्र, रजनीश कुमार, महिमा चंद सहित तमाम गांवों के किसान बड़ी संख्या में शामिल रहे।
बिजली कटौती से सूख रही फसलें, हजियापुर उपकेंद्र पर किसानों का फूटा गुस्सा; जमकर धरना-प्रदर्शन


