विशेष संवाददाता, यूथ इंडिया
फर्रुखाबाद, कम्पिल। थाना क्षेत्र में गुरुवार को पुलिस द्वारा जुए के एक कथित अड्डे पर की गई कार्रवाई पूरे दिन चर्चा का विषय बनी रही। स्थानीय सूत्रों के अनुसार पुलिस ने सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए कई लोगों को हिरासत में लिया, जिनमें भाजपा नेता, नामित सभासद एवं सांसद प्रतिनिधि बताए जा रहे आलोक राजपूत का नाम भी सामने आया है। घटना के बाद क्षेत्र में राजनीतिक और सामाजिक हलकों में तरह-तरह की चर्चाएं होती रहीं।
सूत्रों का कहना है कि पुलिस को काफी समय से क्षेत्र में जुआ संचालित होने की शिकायतें मिल रही थीं। इसी के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई की। छापेमारी के दौरान मौके से कई लोगों को पकड़कर थाना कम्पिल लाया गया, जहां उनसे पूछताछ की गई। बताया जा रहा है कि आलोक राजपूत भी बुधवार सुबह से थाने में मौजूद रहे।
आलोक राजपूत स्थानीय राजनीति में सक्रिय माने जाते हैं। वह कम्पिल नगर पंचायत के नामित सभासद होने के साथ-साथ सांसद प्रतिनिधि के रूप में भी अपनी पहचान रखते हैं। ऐसे में उनके नाम के सामने आने से मामला राजनीतिक रूप से भी चर्चा का विषय बन गया है।
हालांकि, इस पूरे मामले में फिलहाल पुलिस की ओर से कोई आधिकारिक प्रेस नोट या बयान जारी नहीं किया गया है। यह भी स्पष्ट नहीं किया गया है कि किन धाराओं में कार्रवाई की गई है, कितने लोगों को पकड़ा गया है और क्या किसी की औपचारिक गिरफ्तारी दर्ज की गई है।
उधर, आलोक राजपूत अथवा उनके समर्थकों की ओर से भी समाचार लिखे जाने तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया सामने नहीं आई थी। इसलिए यूथ इंडिया स्वतंत्र रूप से हिरासत अथवा गिरफ्तारी की पुष्टि नहीं करता।
अब सभी की नजर पुलिस की आधिकारिक कार्रवाई और बयान पर टिकी हुई है। यदि पुलिस इस मामले में मुकदमा दर्ज करती है या कोई आधिकारिक जानकारी जारी करती है, तो उससे पूरे घटनाक्रम की स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।


