लखनऊ। राजधानी में महिलाओं की सुरक्षा और सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को सुरक्षित बनाने के लिए पुलिस ने ऑटो और ई-रिक्शा चालकों के खिलाफ विशेष चेकिंग अभियान शुरू कर दिया है। अभियान के तहत हजरतगंज क्षेत्र में पुलिस ने सघन सत्यापन और दस्तावेज जांच की कार्रवाई की।
डीसीपी सेंट्रल रवीना त्यागी स्वयं सड़क पर उतरकर अभियान की निगरानी करती नजर आईं। हजरतगंज चौराहे पर ई-रिक्शा चालकों के पहचान पत्र, ड्राइविंग लाइसेंस, वाहन दस्तावेज और सत्यापन संबंधी अभिलेखों की जांच की गई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि महिलाओं और छात्राओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए यह अभियान चलाया जा रहा है। कई ऐसे वाहन मिले जिनके दस्तावेज अधूरे थे या निर्धारित नियमों का पालन नहीं किया जा रहा था। ऐसे वाहनों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए कई ई-रिक्शा सीज किए गए।
अभियान के दौरान संदिग्ध चालकों और वाहनों की भी गहन जांच की गई। पुलिस ने चालकों को निर्देश दिए कि वे अपने सभी दस्तावेज अद्यतन रखें और यातायात नियमों का पूरी तरह पालन करें। बिना सत्यापन संचालित होने वाले वाहनों पर विशेष निगरानी रखी जा रही है।
राजधानी में बढ़ती भीड़ और महिलाओं की सुरक्षा को लेकर पुलिस का यह अभियान महत्वपूर्ण माना जा रहा है। अधिकारियों का कहना है कि भविष्य में भी इसी तरह के औचक निरीक्षण जारी रहेंगे और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।


