फर्रुखाबाद। आगामी मोहर्रम पर्व के शांतिपूर्ण, सौहार्दपूर्ण एवं सुरक्षित आयोजन को लेकर मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर की अध्यक्षता में शांति समिति (पीस कमेटी) की बैठक आयोजित की गई। बैठक में पुलिस अधीक्षक, अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व), विभिन्न विभागों के अधिकारी, नगर निकायों के प्रतिनिधि, पीस कमेटी के सदस्य तथा विभिन्न समुदायों के गणमान्य नागरिक मौजूद रहे।
बैठक में मोहर्रम के दौरान निकलने वाले ताजिया जुलूसों, साफ-सफाई, विद्युत व्यवस्था, यातायात प्रबंधन और सुरक्षा व्यवस्था सहित विभिन्न विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। इस दौरान पीस कमेटी के सदस्यों एवं जनप्रतिनिधियों ने साहबगंज चौराहे पर स्थित पीपल के पेड़ की टहनियों को सुरक्षित रखने के लिए बल्ली लगवाने तथा नाला मच्छरट्टा के खुले नालों को ढकवाने की मांग उठाई। जिलाधिकारी ने संबंधित विभागों को आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी डॉ. अंकुर लाठर ने निर्देश दिया कि मोहर्रम के अवसर पर निकाले जाने वाले ताजियों की ऊंचाई 10 फीट से अधिक न रखी जाए, जिससे विद्युत लाइनों और अन्य संरचनाओं से किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। उन्होंने विद्युत विभाग को झूलते और नीचे लटक रहे बिजली के तारों को तत्काल दुरुस्त कराने के निर्देश भी दिए।
बैठक में जिला पंचायत राज अधिकारी को ग्रामीण क्षेत्रों में विशेष स्वच्छता अभियान चलाने तथा नगर निकायों के अधिशासी अधिकारियों को शहरी क्षेत्रों में व्यापक सफाई, नालों की सफाई और अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समयबद्ध ढंग से पूर्ण कराने के निर्देश दिए गए।
पुलिस अधीक्षक आरती सिंह ने कहा कि बिना प्रशासनिक अनुमति और पर्याप्त पुलिस बल के कोई भी जुलूस नहीं निकाला जाएगा। उन्होंने सभी आयोजकों से प्रशासन के साथ समन्वय बनाकर कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की।
बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि सभी लोग त्योहार को आपसी भाईचारे, शांति और सौहार्द के साथ मनाएं तथा यह सुनिश्चित करें कि किसी भी गतिविधि से आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो। उन्होंने कहा कि प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएंगी, लेकिन नागरिकों का सहयोग भी उतना ही महत्वपूर्ण है।
बैठक में अपर जिलाधिकारी (वित्त एवं राजस्व) सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी, पुलिस प्रशासन के अधिकारी, पीस कमेटी के सदस्य एवं अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।


