फर्रुखाबाद। जनपद के अधिवक्ता परम् मिश्रा को उत्तर पूर्व रेलवे ने बड़ी जिम्मेदारी सौंपी है। रेलवे प्रशासन ने उन्हें फर्रुखाबाद के जिला एवं अधीनस्थ न्यायालयों में भारत सरकार एवं उत्तर पूर्व रेलवे का अधिवक्ता नियुक्त किया है।
उत्तर पूर्व रेलवे के महाप्रबंधक (विधि) कार्यालय, गोरखपुर से जारी नियुक्ति पत्र के अनुसार सक्षम प्राधिकारी ने परम् मिश्रा को रेलवे से संबंधित मामलों में भारत संघ का पक्ष रखने के लिए अधिकृत किया है। यह नियुक्ति रेलवे बोर्ड के निर्धारित नियमों एवं विधि एवं न्याय मंत्रालय द्वारा जारी नवीनतम फीस अनुसूची के अनुरूप की गई है।
नियुक्ति पत्र में अधिवक्ता परम् मिश्रा से निर्धारित अवधि के भीतर सभी नियम एवं शर्तों को स्वीकार करते हुए अपनी सहमति भेजने के लिए कहा गया था। उन्होंने नियुक्ति पत्र पर हस्ताक्षर करते हुए सभी नियम एवं शर्तों को स्वीकार कर लिया है।
इस नियुक्ति के बाद अधिवक्ता परम् मिश्रा अब फर्रुखाबाद के जिला एवं अधीनस्थ न्यायालयों में उत्तर पूर्व रेलवे एवं भारत सरकार की ओर से रेलवे से जुड़े दीवानी एवं अन्य न्यायिक मामलों की प्रभावी पैरवी करेंगे।
कानूनी क्षेत्र से जुड़े लोगों ने इस नियुक्ति को परम् मिश्रा की पेशेवर दक्षता एवं अनुभव का सम्मान बताते हुए उन्हें शुभकामनाएं दी हैं।


