-इंजन पर चढ़ीं विधायक
-चारबाग स्टेशन पर हंगामा, मुकदमा दर्ज
लखनऊ: राजधानी मे शनिवार को उस समय भारी हंगामा खड़ा हो गया जब सिराथू विधायक पल्लवी पटेल अपनी पार्टी अपना दल कमेरावादी के हजारों कार्यकर्ताओं के साथ चारबाग रेलवे स्टेशन पहुंच गईं और यूजीसी के नए नियम लागू करने की मांग को लेकर जोरदार प्रदर्शन शुरू कर दिया। प्रदर्शन इतना उग्र हो गया कि विधायक खुद वंदे भारत ट्रेन के इंजन पर चढ़ गईं, जबकि कई कार्यकर्ता रेलवे ट्रैक पर उतरकर नारेबाजी करने लगे। इस पूरे घटनाक्रम से चारबाग स्टेशन पर अफरा-तफरी मच गई और रेलवे संचालन भी बुरी तरह प्रभावित हुआ।
दोपहर करीब साढ़े बारह बजे से शुरू हुए प्रदर्शन में करीब पांच हजार कार्यकर्ता शामिल बताए गए। प्रदर्शनकारी पहले विधानसभा घेराव के लिए आगे बढ़ रहे थे, लेकिन पुलिस की बैरिकेडिंग के बाद माहौल अचानक गरमा गया। गुस्साए कार्यकर्ता सीधे चारबाग रेलवे स्टेशन की ओर दौड़ पड़े। प्लेटफॉर्म नंबर-1 पर पहुंचते ही यूजीसी लागू करो और कुर्सी खाली करो जैसे नारों से स्टेशन गूंज उठा। इसी दौरान कुछ प्रदर्शनकारी रेलवे ट्रैक पर उतर गए और वहां खड़े इंजन पर चढ़ने लगे। कुछ ही देर बाद विधायक पल्लवी पटेल भी इंजन पर चढ़कर सरकार के खिलाफ नारेबाजी करने लगीं।
करीब डेढ़ घंटे तक स्टेशन परिसर प्रदर्शन का अखाड़ा बना रहा। हालात बिगड़ते देख भारी संख्या में पुलिस और आरपीएफ बल मौके पर तैनात किया गया। पुलिस लगातार प्रदर्शनकारियों को समझाने का प्रयास करती रही, लेकिन कार्यकर्ता पीछे हटने को तैयार नहीं हुए। बाद में पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए एक-एक कर प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया और बसों में भरकर इको गार्डन भेज दिया। इस दौरान कई कार्यकर्ता बसों की छतों पर भी चढ़ गए और सरकार विरोधी नारे लगाते रहे।
रेलवे प्रशासन के मुताबिक इस प्रदर्शन का सीधा असर ट्रेनों के संचालन पर पड़ा। आनंद विहार-अयोध्या कैंट वंदे भारत एक्सप्रेस को आउटर पर रोकना पड़ा, जिससे ट्रेन करीब दो घंटे देरी से चारबाग स्टेशन पहुंची। यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा और स्टेशन पर लंबे समय तक अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
प्रदर्शन के बाद रेलवे सुरक्षा बल ने विधायक पल्लवी पटेल और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ रेलवे एक्ट की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है। आरपीएफ अधिकारियों का कहना है कि रेलवे संचालन बाधित करने, ट्रैक पर उतरने और सुरक्षा व्यवस्था तोड़ने के आरोप में कार्रवाई की जा रही है।
प्रदर्शन के दौरान पल्लवी पटेल ने सरकार पर पिछड़े, दलित और वंचित वर्गों के अधिकार दबाने का आरोप लगाया। उन्होंने कहा कि यूजीसी के नए नियमों को लागू कराने के लिए उनका आंदोलन जारी रहेगा, चाहे इसके लिए जेल जाना पड़े या मुकदमे झेलने पड़ें। वहीं उनके समर्थकों ने चेतावनी दी कि जरूरत पड़ने पर बस के बाद रेल और अब हवाई जहाज भी रोका जाएगा।
चारबाग स्टेशन पर हुए इस हाईवोल्टेज प्रदर्शन ने राजधानी लखनऊ की राजनीति और प्रशासन दोनों को हिला दिया है। रेलवे ट्रैक पर उतरकर प्रदर्शन और विधायक का इंजन पर चढ़ना अब प्रदेश की सियासत में बड़ा मुद्दा बनता दिखाई दे रहा है।


