32.4 C
Lucknow
Friday, October 2, 2026

गांधी जयंती पर सांसद मुकेश राजपूत व सीएमओ ने दिया सेवा, संवेदना और स्वच्छता का संदेश

Must read

कुष्ठ रोगियों को फल-मिठाई और टीबी मरीजों को पोषण पोटली वितरित

फर्रुखाबाद। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी की जयंती पर जिले में स्वास्थ्य विभाग की ओर से सेवा, संवेदना, स्वच्छता और जनस्वास्थ्य को समर्पित कार्यक्रम आयोजित किए गए। फर्रुखाबाद सांसद मुकेश राजपूत एवं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने पांचाल घाट स्थित कुष्ठ आश्रम पहुंचकर कुष्ठ रोगियों से मुलाकात की और उन्हें फल व मिठाई वितरित की। इस दौरान रोगियों के परिवार के सदस्यों को भी फल दिए गए।

कार्यक्रम के माध्यम से कुष्ठ रोग से प्रभावित लोगों के प्रति सामाजिक संवेदनशीलता बढ़ाने और उन्हें मुख्यधारा से जोड़ने का संदेश दिया गया। सांसद एवं स्वास्थ्य अधिकारियों ने रोगियों से बातचीत कर उनके स्वास्थ्य एवं उपचार से संबंधित जानकारी भी ली।
इसके बाद मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय परिसर में प्रातः 9 बजे ध्वजारोहण किया गया। राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पंडित जवाहरलाल नेहरू के चित्रों का अनावरण कर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित किए गए। इस अवसर पर अधिकारियों और कर्मचारियों ने दोनों महापुरुषों के जीवन, विचारों और देश के प्रति उनके योगदान पर प्रकाश डालते हुए उनके आदर्शों को आत्मसात करने का संकल्प लिया।
कार्यक्रम के दौरान जिला क्षय रोग विभाग की ओर से चिन्हित 20 टीबी मरीजों को सांसद मुकेश राजपूत, भाजपा जिलाध्यक्ष एवं मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. आनंद उपाध्याय ने पोषण पोटली वितरित की। मरीजों को नियमित रूप से दवा लेने और उपचार पूरा करने के साथ पौष्टिक आहार लेने के लिए प्रेरित किया गया।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि टीबी उन्मूलन के लिए केवल दवा ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि मरीजों को पौष्टिक भोजन, समय पर उपचार और परिवार व समाज का सहयोग भी आवश्यक है। उन्होंने लोगों से टीबी के लक्षण दिखाई देने पर जांच कराने और उपचार के दौरान दवाओं का नियमित सेवन करने की अपील की।
सांसद मुकेश राजपूत ने महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री के जीवन एवं विचारों का उल्लेख करते हुए सेवा और स्वच्छता के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि स्वच्छता केवल किसी एक दिन का कार्यक्रम न होकर दैनिक जीवन का हिस्सा बननी चाहिए।

सीएमओ डॉ. आनंद उपाध्याय ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों से व्यक्तिगत स्वच्छता के साथ घर, कार्यालय, आसपास के क्षेत्र और सार्वजनिक स्थानों को स्वच्छ रखने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि स्वच्छ वातावरण बीमारियों की रोकथाम में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है।

कार्यक्रम में अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. सर्वेश यादव, उप मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. दीपक कटारिया, डॉ. आरसी माथुर, जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अजय कुमार सिंह, उप जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. अनुनय कुटार, जिला कुष्ठ अधिकारी डॉ. परीक्षित सफीर, मलेरिया निरीक्षक नरजीत कटियार, दीपांशु यादव सहित जिला क्षय रोग कार्यालय एवं मुख्य चिकित्साधिकारी कार्यालय के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article