35.5 C
Lucknow
Thursday, July 2, 2026

तीन दिन बाद भी तीन लापता किशोरों का सुराग नहीं, एसओजी ने भी संभाली जांच

Must read

 

नवाबगंज (फर्रुखाबाद)। थाना नवाबगंज क्षेत्र से रहस्यमय परिस्थितियों में लापता हुए तीन किशोरों का तीसरे दिन भी कोई सुराग नहीं लग सका। स्थानीय पुलिस की लगातार तलाश के बावजूद सफलता न मिलने पर अब मामले की जांच में एसओजी (स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप) को भी सक्रिय किया गया है। बुधवार देर रात एसओजी की टीम करीब चार घंटे तक थाना नवाबगंज में मौजूद रही और परिजनों से विस्तृत पूछताछ कर कई महत्वपूर्ण जानकारियां जुटाईं।

जानकारी के अनुसार, बरतल रोड निवासी बृजेश कुमार शाक्य का 14 वर्षीय पुत्र अहम शाक्य मंगलवार दोपहर को कोचिंग जाने के लिए घर से निकला था। इसके बाद वह अपने साथी 15 वर्षीय आयुष राजपूत और 15 वर्षीय ममेरे भाई सत्यम शाक्य के साथ देखा गया। तीनों किशोर कुछ देर बाद एक साथ वहां से चले गए, लेकिन देर शाम तक घर वापस नहीं लौटे।

परिजनों ने पहले अपने स्तर पर काफी तलाश की, लेकिन कोई सफलता न मिलने पर थाना नवाबगंज में सूचना दी। अहम के पिता की तहरीर पर पुलिस ने गुमशुदगी दर्ज कर जांच शुरू कर दी। पुलिस नगर और आसपास के क्षेत्रों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है तथा संभावित स्थानों पर लगातार तलाश अभियान चला रही है।

उधर, परिजन फर्रुखाबाद, कमालगंज, कानपुर सहित विभिन्न स्थानों पर बच्चों की खोज में जुटे हुए हैं। सोशल मीडिया के माध्यम से भी तीनों किशोरों की सकुशल बरामदगी की अपील की जा रही है।

थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि गुमशुदगी की रिपोर्ट दर्ज कर ली गई है और पुलिस की टीमें लगातार तीनों किशोरों की तलाश में लगी हैं। उन्होंने कहा कि सभी संभावित पहलुओं पर जांच की जा रही है तथा बच्चों को शीघ्र सकुशल बरामद करने के हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं, देर रात एसओजी टीम द्वारा परिजनों से कई घंटे तक पूछताछ किए जाने से यह स्पष्ट है कि पुलिस मामले को गंभीरता से लेकर हर एंगल से जांच में जुटी हुई है।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article