36.4 C
Lucknow
Saturday, July 4, 2026

यूपी में भाजपा का शक्ति प्रदर्शन

Must read

राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के 18 किमी रोड शो से 2027 मिशन का आगाज

*पहली बार उत्तर प्रदेश पहुंचे राष्ट्रीय अध्यक्ष का भव्य स्वागत

*50 हजार कार्यकर्ता सड़क पर उतरे

*सरकार, संगठन और संघ के साथ बैठकों में तय होगी चुनावी रणनीति

लखनऊ। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन के उत्तर प्रदेश के पहले दौरे को पार्टी ने शनिवार को बड़े शक्ति प्रदर्शन में बदल दिया। राजधानी लखनऊ के अमौसी एयरपोर्ट पर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने पुष्पगुच्छ भेंट कर उनका स्वागत किया। इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, दोनों उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री कमलेश पासवान समेत सरकार और संगठन के वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।

एयरपोर्ट से निकलने के बाद राष्ट्रीय अध्यक्ष विशेष रूप से तैयार रथ पर सवार होकर भाजपा प्रदेश मुख्यालय के लिए रवाना हुए। उनके साथ प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी भी रथ पर मौजूद रहे। करीब 18 किलोमीटर लंबे रोड शो के दौरान राजधानी के विभिन्न हिस्सों में 50 से अधिक स्वागत मंच बनाए गए, जहां कार्यकर्ताओं, सामाजिक संगठनों और व्यापारिक संस्थाओं ने फूल बरसाकर और मालाएं पहनाकर उनका स्वागत किया। भाजपा के अनुसार स्वागत कार्यक्रम में 50 हजार से अधिक कार्यकर्ता और पदाधिकारी शामिल हुए, जबकि पूरे शहर में एक लाख से अधिक पोस्टर, बैनर और होर्डिंग्स लगाए गए।

भाजपा के लिए राष्ट्रीय अध्यक्ष का यह दौरा केवल स्वागत तक सीमित नहीं है, बल्कि इसे वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव की तैयारियों की औपचारिक शुरुआत माना जा रहा है। नितिन नबीन करीब 36 घंटे तक लखनऊ में रहेंगे। शनिवार को होटल ताज में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी, सांसदों, विधायकों और मंत्रियों के साथ महत्वपूर्ण बैठक करेंगे। बैठक में संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने, जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही तय करने और सरकार व संगठन के बीच बेहतर समन्वय पर चर्चा होगी।

भाजपा नेतृत्व वर्ष 2024 के लोकसभा चुनाव में उत्तर प्रदेश में अपेक्षा से कम सीटें मिलने के कारणों की भी समीक्षा करेगा। पार्टी विशेष रूप से समाजवादी पार्टी के ‘पीडीए’ (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) सामाजिक समीकरण की रणनीतिक काट तैयार करने पर मंथन करेगी। साथ ही अयोध्या राम मंदिर में चढ़ावे से जुड़े हालिया विवाद पर संगठन की ओर से स्पष्ट राजनीतिक संदेश देने की भी तैयारी है।

राष्ट्रीय अध्यक्ष हाल ही में घोषित भाजपा की नई प्रदेश टीम के पदाधिकारियों से पहली बार सीधे संवाद करेंगे। नई टीम में शामिल युवा चेहरों को संगठन विस्तार, बूथ सशक्तिकरण और आगामी चुनावों की जिम्मेदारियों को लेकर दिशा-निर्देश दिए जाएंगे। मंत्रियों और जनप्रतिनिधियों को अपने-अपने प्रभार वाले जिलों में लगातार सक्रिय रहने तथा जनता के बीच सरकार की योजनाओं को प्रभावी ढंग से पहुंचाने का संदेश भी दिया जाएगा।

दौरे के दूसरे दिन रविवार को नितिन नबीन राष्ट्रीय प्रेरणा स्थल पर शक्ति केंद्र प्रभारियों के सम्मेलन को संबोधित करेंगे। इसके बाद वह राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के राजेंद्र नगर स्थित ‘भारती भवन’ कार्यालय पहुंचकर क्षेत्रीय प्रचारक अनिल कुमार और प्रांत प्रचारक कौशल कुमार के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में आगामी विधानसभा चुनाव, संगठनात्मक समन्वय और संघ के शताब्दी वर्ष के कार्यक्रमों को लेकर विस्तृत चर्चा होगी।

Must read

More articles

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Latest article