25.8 C
Lucknow
Monday, March 9, 2026
Home Blog Page 87

लोडर और बाइक की आमने-सामने टक्कर, युवक गंभीर; चालक फरार

0

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। कायमगंज–फर्रुखाबाद मार्ग पर शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम रजला मई के निकट मंगलवार को एक लोडर और बाइक की आमने-सामने भिड़ंत में बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि दुर्घटना को अंजाम देने वाला लोडर चालक वाहन सहित फरार हो गया।
टक्कर में उछला मोबाइल, पहिए से कुचलकर टूटा

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार तेज रफ्तार लोडर और सामने से आ रही बाइक की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। इसी दौरान उसकी जेब से मोबाइल फोन उछलकर सड़क पर गिर पड़ा, जिसे लोडर के पहिए ने कुचल दिया और वह पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। शोर-शराबा सुनकर वहां से गुजर रहे राजगीर और मोहल्ले के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक अज्ञात लोडर चालक वाहन लेकर फरार हो चुका था।

ई-रिक्शा से भेजा गया सीएचसी

घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। ग्रामीणों की मदद से घायल युवक को ई-रिक्शा के माध्यम से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) शमशाबाद भेजा गया, जहां उसका उपचार जारी है। ग्रामीणों की मौजूदगी में युवक की तलाशी ली गई, जिसमें उसकी जेब से आधार कार्ड मिला। आधार कार्ड के अनुसार घायल की पहचान गोरेलाल पुत्र अमर सिंह निवासी हमीरपुर, कोतवाली कायमगंज के रूप में हुई।

उपचार के दौरान बेहोश रहा युवक

चिकित्सकों के अनुसार युवक को गंभीर चोटें आई हैं और उपचार जारी है। खबर लिखे जाने तक घायल को होश नहीं आया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि परिचितों के माध्यम से उसके परिवार तक सूचना पहुंचाने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस कर रही जांच

पुलिस ने मामला दर्ज कर फरार लोडर चालक की तलाश शुरू कर दी है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की भी जांच की जा रही है ताकि वाहन की पहचान कर चालक को जल्द पकड़ा जा सके। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि इस मार्ग पर बढ़ती दुर्घटनाओं को देखते हुए सख्त कार्रवाई और नियमित गश्त की व्यवस्था की जाए, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

होली की रौनक, बाजारों में उमड़ी भीड़; आलू की मंदी से किसानों की खुशियां फीकी

0

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। रंगों के पर्व होली को लेकर नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में जबरदस्त उत्साह देखा गया। मंगलवार को बाजारों में खरीददारों की भारी भीड़ उमड़ी। किसी ने जमकर खरीददारी की तो किसी ने सीमित बजट में केवल खानापूर्ति की। परचून की दुकानों से लेकर मिठाई और रंग-गुलाल के प्रतिष्ठानों तक ग्राहकों की चहल-पहल दिनभर बनी रही।

घर-घर पकवानों की तैयारी

हिंदू समाज में हर्षोल्लास के साथ मनाए जाने वाले होली पर्व की तैयारियां कई दिनों से चल रही थीं। शहर से लेकर गांव तक लोगों ने घर आए मेहमानों की खातिरदारी के लिए विशेष इंतजाम किए। घर-घर में कचौरी, पापड़, गुजिया और तरह-तरह के पकवान बनाए जा रहे हैं। महिलाएं एवं युवतियां मिठाइयों की तैयारी में जुटी रहीं, वहीं बाजार से भी मिष्ठान और सूखे मेवे की खरीददारी की गई ताकि मेहमानों का स्वागत पूरे उत्साह से किया जा सके।

रंग-गुलाल की दुकानों पर भीड़

मंगलवार को शमशाबाद बाजार में अबीर, गुलाल और रंगों की सजी दुकानों पर बच्चों, युवाओं और महिलाओं की खासी भीड़ देखी गई। रंग-बिरंगे पैकेट, पिचकारियां और आकर्षक खिलौनों ने बच्चों को खूब लुभाया। नगर के अलावा कस्बा फैजबाग, रोशनाबाद, चिलसरा, रामापुर, शकरुल्लापुर और मंझना क्षेत्रों में भी अच्छी-खासी खरीददारी होती देखी गई। लोगों ने अपनी आवश्यकतानुसार सामान खरीदा, हालांकि कई परिवारों ने बढ़ती महंगाई को देखते हुए सीमित खर्च ही किया।

पर्व की तिथि को लेकर असमंजस

देश में लगने वाले ग्रहण को लेकर कुछ लोगों में असमंजस की स्थिति भी बनी रही। त्योहार किस दिन मनाया जाए, इसे लेकर कई लोग विद्वानों से परामर्श करते नजर आए। अधिकांश लोगों ने मंदिरों में पूजा-अर्चना कर सुख-शांति की कामना की, ताकि होली का पर्व आनंदपूर्वक मनाया जा सके।

आलू की मंदी ने फीकी की किसानों की होली

जहां एक ओर बाजारों में रौनक रही, वहीं दूसरी ओर ग्रामीण क्षेत्रों में बड़ी संख्या में आलू किसान मायूस नजर आए। इस वर्ष आलू की फसल तो अच्छी हुई, लेकिन मंडी में भारी मंदी के चलते किसानों को लागत भी निकलना मुश्किल हो रहा है।

किसानों ने खाद, बीज और सिंचाई पर हजारों-लाखों रुपये खर्च किए थे। उन्हें उम्मीद थी कि इस बार अच्छी आमदनी होगी और होली खुशहाली लेकर आएगी। लेकिन जब फसल मंडी पहुंची तो दाम इतने कम मिले कि भाड़ा निकालना भी कठिन हो गया।

कुछ किसान नजदीकी शीतगृहों में आलू भंडारित कर रहे हैं, लेकिन वहां भी जगह की कमी और बढ़ते खर्च को लेकर चिंता बनी हुई है। कई किसानों का कहना है कि खेतों में अभी भी फसल खड़ी है, जिसकी खुदाई होली के बाद की जाएगी। उन्हें आशंका है कि यदि बाजार भाव नहीं सुधरे तो भविष्य में भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है।

बेमन से हो रही खरीददारी

ग्रामीण इलाकों में कई किसान परिवार होली की खरीददारी तो कर रहे हैं, लेकिन उनके चेहरों पर खुशी की जगह चिंता साफ झलक रही है। उनका कहना है कि जिन सपनों के साथ आलू की खेती की थी, वही फसल अब उन्हें “खून के आंसू” रुला रही है।

रोडवेज बस और ऑटो की आमने-सामने टक्कर, बाइक सवार गंभीर

0

शमशाबाद, फर्रुखाबाद। मंगलवार की सुबह कायमगंज–फर्रुखाबाद मार्ग पर उस समय अफरा-तफरी मच गई जब रोडवेज बस और ऑटो की आमने-सामने जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में एक बाइक सवार गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि ऑटो में सवार कई यात्री भी चोटिल हो गए। दुर्घटना के बाद मौके पर जाम जैसे हालात बन गए, जिन्हें पुलिस ने कड़ी मशक्कत के बाद नियंत्रित किया।

सुबह 6:30 बजे हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार मंगलवार सुबह करीब 6:30 बजे शमशाबाद थाना क्षेत्र के ग्राम दलेलगंज के निकट स्थित एक नवीन कोल्ड स्टोरेज के सामने यह हादसा हुआ। बताया गया है कि एटा डिपो की रोडवेज बस संख्या यूपी 76 टी 5974, चालक रजनीश कुमार निवासी उलियापुर थाना शमशाबाद, फर्रुखाबाद बस अड्डे से यात्रियों को लेकर एटा की ओर जा रही थी।
उसी दौरान दिल्ली से फर्रुखाबाद आ रहा ऑटो संख्या डीएल 1 ए एल एस 1098, चालक सुधीर कुमार पुत्र रामनिवास निवासी हरदोई, भी उसी मार्ग से गुजर रहा था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक जैसे ही दोनों वाहन नवीन कोल्ड स्टोरेज के सामने पहुंचे, अचानक आमने-सामने टक्कर हो गई।

बाइक सवार आया चपेट में, हालत गंभीर

इस भीषण भिड़ंत के दौरान फर्रुखाबाद से कायमगंज की ओर जा रहा रोशनाबाद निवासी सत्यवान पुत्र जांगीलाल (बाइक संख्या यूपी 32 डी ई 6098) भी दोनों वाहनों की चपेट में आ गया। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक सवार गंभीर रूप से घायल होकर सड़क पर गिर पड़ा।

घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण और राहगीर मौके पर पहुंच गए। भीड़ में मौजूद कुछ लोगों ने तत्परता दिखाते हुए घायल बाइक सवार को बाहर निकाला और पुलिस को सूचना दी।

ऑटो सवार यात्री भी हुए घायल

बताया गया है कि ऑटो में सवार यात्री होली का त्योहार मनाने अपने घर जा रहे थे। टक्कर में ऑटो सवार कुछ लोग भी घायल हो गए। तीनों वाहन—बस, ऑटो और बाइक—हादसे में क्षतिग्रस्त हो गए।

पुलिस ने संभाली स्थिति

सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस मौके पर पहुंची। जाम जैसे हालात को देखते हुए पुलिस कर्मियों ने तत्काल कार्रवाई करते हुए क्षतिग्रस्त वाहनों को सड़क से हटवाया और आवागमन पुनः शुरू कराया। गंभीर रूप से घायल बाइक सवार और अन्य घायलों को उपचार के लिए सीएचसी बरौन भिजवाया गया। चिकित्सकों द्वारा घायलों का उपचार किया जा रहा है।

पहले भी हो चुकी है दुर्घटना

गौरतलब है कि इसी स्थान पर पिछले महीने भी एक रोडवेज बस दुर्घटनाग्रस्त हुई थी, जिसमें बस चालक सहित कई यात्री घायल हो गए थे। उस दुर्घटना का कारण चालक को झपकी आना बताया गया था। लगातार हो रहे हादसों से स्थानीय लोगों में आक्रोश है और वे प्रशासन से सड़क सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम की मांग कर रहे हैं।

प्रशासन से उठी मांग

ग्रामीणों का कहना है कि इस मार्ग पर तेज रफ्तार और लापरवाही के कारण आए दिन दुर्घटनाएं हो रही हैं। लोगों ने स्पीड ब्रेकर, चेतावनी बोर्ड और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति रोकी जा सके।

गाली गलौज से मना करने पर किशोर के पेट में मारा बांका, मौत , मुकदमा दर्ज

0

फर्रुखाबाद। फोन पर भाई को गाली गलौज करने की शिकायत करने आरोपी के घर पहुंचे दूसरे भाई व भतीजे के साथ आरोपी की मां ने गाली गलौज किया मना करने पर आरोपी व उसके भाई तथा मां ने इन लोगों के साथ मारपीट की और भतीजे के पेट में बांका मार दिया। जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया।। पुलिस ने तहरीर के आधार पर तीन लोगों के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

दर्द किए गए मुकदमे में बड़ी अखिलेश कुमार जो की सिंचाई विभाग में कार्यरत है और नलकूप कॉलोनी बेवर रोड पर रहता है ।तहरीर में अखिलेश ने कहा कि गांगुली निवासी राजेश उर्फ पप्पू ने फोन पर उसके साथ गाली-गलौज किया तो उसने अपने भाई कमलेश को बात बताई और कहा कि उससे जाकर पूछे की गालियां क्यों दे रहा है कमलेश और उसका पुत्र वैभव राजेश उर्फ पप्पू के घर गया और शिकायत की जिस पर वहां मौजूद राजेश की मां पूरना देवी ने भी पीड़ित के भाई व भतीजे से गाली गलौज किया मना करने पर घर पर मौजूद राजेश उर्फ पप्पू ,विजय कुमार पूरना देवी ने मारपीट की और वैभव के पेट में बांका मार दिया जिससे वह घायल हो गया उसे निजी अस्पत ले जाया गया जहां चिकित्सकों ने वैभव को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने तहरीर के आधार पर राजेश उर्फ पप्पू,पूरना देवी व विजय कुमार के विरुद्ध सुसंगत धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

गाली गलौज से मना करने पर तानी रायफल, तहरीर

0

फर्रुखाबाद। थाना मऊदरवाजा क्षेत्र के अंतर्गत मोहल्ला गढ़ी अशरफ अली में गाली गलौज कर रहे दबंग को मना करने पर उसने मारपीट की और राइफल तान दी। मोहल्ले वालों ने पड़कर उसे की राइफल खेलने और पुलिस के हवाले कर दी घटना की तहरीर दी गयी है।

दी गई तहरीर में पीड़ित प्रवीण कुमार पुत्र भगवान दास निवासी गढ़ी अशरफ अली ने कहा कि आरोपी चंद्रशेखर पुत्र राम शंकर दीक्षित निवासी कुइयां बूट उसके घर के सामने गाली गलौज कर रहा था मना करने पर मारपीट करने लगा और राइफल टांडी मोहल्ले वालों की सहायता से उसे पकड़ लिया और रायफल छीन ली । 112 पुलिस को सूचना की । पुलिस मौके पर पहुंची तो राइफल पुलिस के हवाले कर दी गई पीड़ित ने कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है।

UAE में फंसे महाराष्ट्र के 164 लोगों की आज होगी वापसी, डिप्टी सीएम ने की उड़ानों की व्यवस्था

0

मुंबई: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री (Deputy CM) एकनाथ शिंदे ने अमेरिका-इजराइल-ईरान संघर्ष के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) में फंसे राज्य के 164 नागरिकों को वापस लाने के लिए दो विमानों की व्यवस्था की है। उनके कार्यालय ने मंगलवार को यह जानकारी दी। महाराष्ट्र सरकार ने भी पश्चिम एशिया में फंसे राज्य के सैकड़ों लोगों के लिए एक आपातकालीन व्हाट्सएप हेल्पलाइन शुरू की है। शिंदे के कार्यालय ने एक बयान में कहा कि फुजैरा हवाई अड्डे से दो उड़ानें अपराह्न 3:30 बजे और शाम 4:30 बजे रवाना होंगी, जिनके शाम को मुंबई में उतरने की उम्मीद है।

बयान में कहा गया है कि 164 यात्रियों में पुणे स्थित ‘इंदिरा स्कूल ऑफ बिजनेस स्टडीज’ के 84 छात्र और ठाणे, अहिल्यानगर और पुणे के निवासी शामिल थे। पश्चिम एशियाई संघर्ष के शनिवार को शुरू होने के बाद से उपमुख्यमंत्री फंसे हुए लोगों के संपर्क में हैं। अधिकारियों के अनुसार, ईरान युद्ध के कारण हवाई क्षेत्र बंद होने से महाराष्ट्र के सैकड़ों लोग पश्चिम एशिया में फंस गए हैं, हालांकि सभी सुरक्षित हैं। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) ने एक्स पर एक पोस्ट में कहा कि मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस व्यक्तिगत रूप से स्थिति पर नजर रख रहे हैं और विभिन्न एजेंसियों के साथ लगातार संपर्क में हैं।

उन्होंने कहा कि वह हर संभव सहायता प्रदान करने वाली केंद्र सरकार के साथ भी नियमित रूप से समन्वय कर रहे हैं, जबकि महाराष्ट्र के मंत्री गिरीश महाजन को समन्वय प्रयासों का जिम्मा सौंपा गया है। सीएमओ ने कहा कि राज्य सरकार ने फंसे हुए नागरिकों के लिए दुबई स्थित ‘इंडियन पीपुल्स फोरम’ के समन्वय से एक व्हाट्सएप हेल्पलाइन नंबर जारी किया है।

अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा है कि ईरान पर भारी और सटीक बमबारी पूरे सप्ताह या जब तक आवश्यक हो, तब तक जारी रहेगी। स्थिति को देखते हुए पश्चिम एशिया में कई हवाई क्षेत्रों को बंद कर दिया गया, जिससे उड़ानों में भारी व्यवधान उत्पन्न हुआ है और यात्री फंसे हुए हैं। अधिकारियों ने बताया है कि पूरे महाराष्ट्र से पश्चिम एशिया में फंसे हुए राज्य के नागरिकों के आंकड़े जुटाए जा रहे हैं।

जालना से कांग्रेस के सांसद कल्याण काले भी दुबई में फंसे लोगों में शामिल हैं। उनके भाई जगन्नाथ काले ने बताया कि वह ईरान पर अमेरिका और इजराइल के संयुक्त हमले से ठीक एक दिन पहले शुक्रवार को दुबई गए थे।