22.8 C
Lucknow
Sunday, March 8, 2026
Home Blog Page 82

ज्यूडिशियल काउंसिल ने संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से तुरंत हस्तक्षेप कर बढ़ते हुए युद्ध को रोकने की अपील की।

0

वैश्विक समुदाय से एक तात्कालिक अपील करते हुए, ज्यूडिशियल काउंसिल ने औपचारिक रूप से यूनाइटेड नेशन्स सिक्योरिटी कौंसिल को पत्र लिखकर संयुक्त राज्य अमेरिका, इज़राइल और इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ़ ईरान के बीच तेजी से बढ़ते सैन्य टकराव को रोकने के लिए तत्काल अंतरराष्ट्रीय हस्तक्षेप की मांग की है। परिषद के पत्र में इस संघर्ष के विनाशकारी मानवीय, कानूनी और भू-राजनीतिक परिणामों पर जोर देते हुए कहा गया है कि आगे जान-माल की हानि रोकने और अंतरराष्ट्रीय कानून की रूपरेखा को सुरक्षित रखने के लिए तुरंत कार्रवाई आवश्यक है।

ज्यूडिशियल काउंसिल की यह अपील एक अत्यंत संवेदनशील समय पर आई है। 28 फरवरी 2026 को संयुक्त राज्य अमेरिका और इज़राइल ने इस्लामिक रिपब्लिक ऑफ़ ईरान के भीतर लक्ष्यों पर सैन्य हमलों की एक श्रृंखला शुरू की, जिसमें उसके सर्वोच्च नेता आयतुल्ला ख़ामेनेई और सैन्य कर्मियों की मृत्यु हो गई, जिससे मध्य पूर्व में शत्रुता में नाटकीय वृद्धि हुई। ईरान ने इसके जवाब में इज़राइली क्षेत्र और क्षेत्र में तैनात अमेरिकी बलों पर मिसाइल हमले किए, जिससे यह संघर्ष और अधिक खतरनाक रूप लेता हुआ वैश्विक सुरक्षा और स्थिरता के लिए गंभीर खतरा बन गया।

सुरक्षा परिषद को लिखे अपने पत्र में ज्यूडिशियल काउंसिल ने तत्काल युद्धविराम, सशक्त कूटनीतिक प्रयासों और अंतरराष्ट्रीय कानून के प्रति नए सिरे से प्रतिबद्धता की आवश्यकता पर बल दिया है। परिषद ने बिगड़ती मानवीय स्थिति, नागरिक हताहतों की बढ़ती संख्या और संघर्ष के मध्य पूर्व से बाहर फैलने के खतरे पर गहरी चिंता व्यक्त की है, जो दशकों से शांति और नियम-आधारित अंतरराष्ट्रीय व्यवस्था को सुरक्षित रखने के प्रयासों को कमजोर कर सकता है।

“हम अत्यंत गंभीर और खतरनाक समय के साक्षी हैं,” ज्यूडिशियल काउंसिल के अध्यक्ष राजीव अग्निहोत्री ने कहा। “दुनिया मूकदर्शक बनकर नहीं खड़ी रह सकती जबकि युद्ध पूरे क्षेत्रों को अपनी चपेट में ले रहा है। संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद से हमारी अपील इस विश्वास पर आधारित है कि अंतरराष्ट्रीय कानून, मानवाधिकार और शांति को सैन्य उग्रता पर प्राथमिकता दी जानी चाहिए। हम नागरिकों की सुरक्षा, कानूनी मानकों की रक्षा और वार्ता के मार्ग को पुनः स्थापित करने के लिए तत्काल और निर्णायक कार्रवाई की मांग करते हैं।”

ज्यूडिशियल काउंसिल के हस्तक्षेप में कई प्रमुख कानूनी और नैतिक बिंदुओं को रेखांकित किया गया है:

संयुक्त राष्ट्र चार्टर का उल्लंघन: किसी भी राज्य द्वारा स्पष्ट आत्मरक्षा या सुरक्षा परिषद की अनुमति के बिना बल का प्रयोग, संयुक्त राष्ट्र चार्टर के मूल सिद्धांतों का उल्लंघन हो सकता है। ज्यूडिशियल काउंसिल ने जोर देकर कहा कि सभी पक्षों को अपने संधि दायित्वों का पालन करना चाहिए ताकि वैश्विक कानूनी मानकों का और ह्रास न हो।

मानवीय संरक्षण: हजारों नागरिकों के घायल या मृत होने की खबरें हैं, और महत्वपूर्ण बुनियादी ढांचे के विनाश से मानवीय संकट गहराता जा रहा है। परिषद ने नागरिकों की सुरक्षा और निर्बाध मानवीय सहायता सुनिश्चित करने के लिए तत्काल कदम उठाने की मांग की है।

व्यापक संघर्ष का जोखिम: यह बढ़ता तनाव क्षेत्रीय और वैश्विक शक्तियों को एक बड़े टकराव में खींच सकता है, जिसके अंतरराष्ट्रीय शांति और सुरक्षा पर अप्रत्याशित परिणाम हो सकते हैं।

कानूनी तर्कों के अतिरिक्त, ज्यूडिशियल काउंसिल के पत्र में हस्तक्षेप के लिए व्यापक नैतिक आधार भी प्रस्तुत किया गया है।

“इतिहास हमें आज लिए गए निर्णयों के आधार पर परखेगा,” ज्यूडिशियल काउंसिल के सचिव संजय अरोड़ा ने कहा। “हम सुरक्षा परिषद से साहस और दृढ़ संकल्प के साथ कार्य करने, अंतरराष्ट्रीय कानून की रक्षा करने और मानवता को अनियंत्रित युद्ध की भयावहता से बचाने की अपील करते हैं।”

हेलमेट न लगाने वाले दोपहिया चालकों पर कसेगा शिकंजा, सख्त अभियान की तैयारी

0

फर्रुखाबाद। जिले में लगातार बढ़ रही सड़क दुर्घटनाओं और उनमें हो रही मौतों को गंभीरता से लेते हुए पुलिस प्रशासन ने अब सख्त रुख अपना लिया है। दोपहिया वाहन चलाते समय हेलमेट न पहनने वाले वाहन चालकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर कठोर कार्रवाई की जाएगी। यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों पर चालान के साथ-साथ आवश्यक कानूनी कार्रवाई भी अमल में लाई जाएगी।

इस संबंध में फतेहगढ़ पुलिस लाइन स्थित सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक का आयोजन किया गया, जिसमें यातायात सीओ अभय वर्मा एवं यातायात प्रभारी सतेंद्र कुमार ने जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शशिभूषण दीक्षित, जिलामहासचिव कुँवर सिंह तथा अन्य अधिवक्ताओं के साथ विस्तार से चर्चा की। बैठक का मुख्य उद्देश्य सड़क सुरक्षा को लेकर व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाना और आमजन का सहयोग प्राप्त करना था।

यातायात सीओ अभय वर्मा ने कहा कि बीते माह में हुई सड़क दुर्घटनाओं में कई लोगों की जान गई है, जिनमें अधिकांश मामलों में हेलमेट न पहनना प्रमुख कारण रहा। उन्होंने बताया कि दोपहिया वाहन चालकों के लिए हेलमेट अनिवार्य है, इसके बावजूद कई लोग नियमों की अनदेखी कर अपनी और दूसरों की जान जोखिम में डाल रहे हैं। ऐसे में अब पुलिस सख्ती बरतेगी और नियमित रूप से चेकिंग अभियान चलाया जाएगा।

यातायात प्रभारी सतेंद्र कुमार ने अधिवक्ताओं से अपील की कि वे आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने में सहयोग करें। उन्होंने कहा कि केवल पुलिस कार्रवाई से ही समस्या का समाधान संभव नहीं है, बल्कि समाज के हर वर्ग को मिलकर सड़क सुरक्षा के प्रति जिम्मेदारी निभानी होगी।

बैठक के दौरान जिला बार एसोसिएशन के अध्यक्ष शशिभूषण दीक्षित एवं जिलामहासचिव कुँवर सिंह ने भी सड़क दुर्घटनाओं पर चिंता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि हेलमेट और सीट बेल्ट जैसे नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। साथ ही उन्होंने शहर की प्रमुख सड़कों पर बने गड्ढों की मरम्मत तथा प्रकाश व्यवस्था को दुरुस्त किए जाने की मांग उठाई। अधिवक्ताओं का कहना था कि खराब सड़कें और अपर्याप्त रोशनी भी दुर्घटनाओं की बड़ी वजह बन रही हैं, जिन पर तत्काल ध्यान दिया जाना चाहिए।

अधिवक्ताओं ने सुझाव दिया कि स्कूल-कॉलेजों में विशेष जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि युवाओं को यातायात नियमों के प्रति सचेत किया जा सके। साथ ही प्रमुख चौराहों पर बैनर और होर्डिंग लगाकर भी लोगों को हेलमेट के महत्व के बारे में बताया जाए।
बैठक के अंत में यह निर्णय लिया गया कि जल्द ही जिले भर में व्यापक स्तर पर विशेष चेकिंग अभियान चलाया जाएगा। बिना हेलमेट दोपहिया चलाने वालों का चालान किया जाएगा और बार-बार नियम तोड़ने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। पुलिस प्रशासन ने स्पष्ट किया कि यह अभियान किसी को परेशान करने के लिए नहीं, बल्कि लोगों की जान बचाने के उद्देश्य से चलाया जा रहा है।

रामगंगा में मिले युवक के शव की चार दिन बाद हुई शिनाख्त, फिरौती कॉल की भी जांच में जुटी पुलिस

0

फर्रुखाबाद। थाना क्षेत्र से होकर बहने वाली रामगंगा नदी के महेशपुर घाट पर मिले अज्ञात युवक के शव की पहचान चार दिन बाद हो सकी। रविवार को परिजनों ने कपड़ों और साथ मिले सामान के आधार पर शव की पुष्टि की, जिसके बाद परिवार में कोहराम मच गया।

गौरतलब है कि शनिवार को महेशपुर घाट के पास ग्रामीणों ने नदी में एक शव उतराता देखा था। सूचना मिलते ही राजेपुर थानाध्यक्ष सुदेश कुमार पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और स्थानीय गोताखोरों की मदद से शव को बाहर निकलवाया। उपनिरीक्षक आशुतोष ने आवश्यक कानूनी कार्रवाई करते हुए पंचनामा भरकर शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया था। तब तक मृतक की पहचान नहीं हो सकी थी।

रविवार सुबह लगभग 11 बजे हरदोई जनपद के मझिला थाना क्षेत्र अंतर्गत आंझी गांव निवासी अशोक सिंह राजेपुर थाने पहुंचे। उन्होंने नदी से बरामद शव की पहचान अपने 20 वर्षीय पुत्र अभय प्रताप सिंह के रूप में की। पहचान की पुष्टि मृतक के कपड़ों और अन्य निजी सामान से हुई।

परिजनों के अनुसार, अभय 24 फरवरी की सुबह करीब आठ बजे घर से सीतापुर स्थित अपनी ननिहाल जाने के लिए निकला था, लेकिन वह वहां नहीं पहुंचा। उसी दिन परिवार को एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा फोन कर 25 लाख रुपये की फिरौती की मांग की गई थी। इस घटना के बाद परिजनों ने 25 फरवरी को मझिला थाने में अभय की गुमशुदगी दर्ज कराई थी।

अभय के परिवार में पिता अशोक सिंह, माता संध्या देवी और छोटा भाई अंश हैं। बेटे की मौत की खबर मिलते ही परिवार में शोक की लहर दौड़ गई और गांव में भी मातम का माहौल है।

थानाध्यक्ष सुदेश कुमार ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मृत्यु के वास्तविक कारणों का स्पष्ट खुलासा हो सकेगा। पुलिस फिरौती कॉल के एंगल को भी गंभीरता से लेते हुए मामले की गहन जांच कर रही है। कॉल डिटेल और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हर पहलू की बारीकी से जांच की जा रही है और जल्द ही मामले का खुलासा करने का प्रयास किया जाएगा।

बाबा नीम करौली जी की करुणा-प्रेरणा से मानवीय सरोकारों का जीवंत उदाहरण बनी बृज की रसोई

0

समाज के अंतिम पंक्ति तक सेवा : कर्म से करुणा का विस्तार- इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी
जनसहयोग से जनकल्याण : हर रविवार करुणा का सतत संकल्प: सुधीर कुमार
सहयोग से सशक्त होती मानवता : सहभागिता बनी आधारशिला : दिनेश चन्द्र श्रीवास्तव

लखनऊ, आशियाना। बाबा नीम करौली जी की सेवा-प्रेरणा से संचालित इण्डियन हेल्पलाइन सोसाइटी (पंजी.) के सेवा उपक्रम बृज की रसोई द्वारा रविवार को आशियाना क्षेत्र में निःशुल्क भोजन वितरण कार्यक्रम शालीनता एवं सामाजिक मर्यादा के साथ संपन्न हुआ।

संस्था के संस्थापक विपिन शर्मा ने बताया कि कार्यक्रम के अंतर्गत विभिन्न स्थानों पर लगभग 1500 अकिंचन, असहाय, श्रमजीवी, कर्मकार एवं निराश्रितों विशेषकर बच्चों, महिलाओं और बुजुर्गों को सम्मानपूर्वक छोला-चावल एवं बूँदी परोसी गई। इस सेवा में रसोई परिवार के वरिष्ठ सदस्य दिनेश चन्द्र श्रीवास्तव का विशेष सहयोग व योगदान रहा। उन्होंने अपनी सुपुत्री श्रीमती नूपुर श्रीवास्तव एवं श्री सुधीर कुमार के पुत्र-रत्न (श्रीयान) प्राप्ति के उपलक्ष्य में केक काट कर यह सेवा समर्पित करते हुए कहा कि यह पहल केवल भोजन वितरण नहीं, बल्कि सामाजिक सहभागिता और मानवीय उत्तरदायित्व का साझा संकल्प है। श्री शर्मा ने समाज के सभी वर्गों से आह्वान किया कि सामूहिक सहयोग से ही यह पुण्य अभियान निरंतर आगे बढ़ सकता है।

जालिम सिंह ने कहा निर्धारित समयानुसार आरंभ हुए इस आयोजन में भोजन की गुणवत्ता, स्वच्छता व्यवस्था और वितरण अनुशासन को प्राथमिकता दी गई। आशीष शुक्ला ने अवगत कराया स्वयंसेवकों ने सुव्यवस्थित पंक्तियों के माध्यम से सेवा प्रदान की, जिससे कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं गरिमामय वातावरण में पूर्ण हुआ। विकास पाण्डेय ने बताया कि यह पहल सतत जनसहयोग पर आधारित है और प्रत्येक रविवार चिन्हित स्थलों पर आवश्यकता-आधारित सेवा सुनिश्चित की जाती है।दिवस श्रीवास्तव ने कहा कि समाज के वंचित तबकों तक सहायता पहुँचाना संस्था की कार्य-दिशा का केंद्रीय उद्देश्य है। संजय श्रीवास्तव ने बताया कार्यक्रम के दौरान स्थानीय नागरिकों ने सेवा प्रयास की सराहना करते हुए इसे सामाजिक उत्तरदायित्व की प्रभावी अभिव्यक्ति बताया।

आज के कार्यक्रम में जालिम सिंह, दिनेश चन्द्र श्रीवास्तव, संजय श्रीवास्तव, शैलेश बाजपेई, बलवंत सिंह, अनुराग दुबे, अर्पित रावत, विकास पाण्डेय, मुकेश कनौजिया, सुधीर कुमार, दिवस श्रीवास्तव, अभिषेक कुमार एवं नूपुर श्रीवास्तव सहित अनेक समाजसेवियों की सक्रिय सहभागिता रही। बलवंत सिंह से हुई बातचीत में उन्होंने कहा समापन अवसर पर संस्था ने सेवाभावी कार्यकर्ताओं के प्रति कृतज्ञता ज्ञापित की तथा भविष्य में भी इसी प्रतिबद्धता के साथ सेवा विस्तार का संकल्प व्यक्त किया।

महाप्रभु चैतन्य देव गौर हरी जयंती रंग यात्रा का नगर में भव्य स्वागत

0

फर्रुखाबाद।फाल्गुन पूर्णिमा के अवसर पर महाप्रभु चैतन्य देव जयंती के अवसर पर रंग यात्रा का नगर में भव्य स्वागत हुआ। बता दें कि कलयुग में श्री राधा-कृष्ण के अवतार के रूप में प्राकट्य उत्सव मनाया जाता हैं। इस अवसर पर रंग यात्रा हरि नाम-यात्रा का विशेष धार्मिक कार्यक्रम बड़े हर्षोल्लास के साथ हरे कृष्णा हरे कृष्णा कृष्णा कृष्णा कृष्णा हरे हरेहरे हरे राम हरे राम राम राम राम हरे हरे की धुन पर निकाली गयी।

इस बात चिन्मय गोस्वामीने बताया कि इस कलयुग में महा अवतार प्रभु चैतन्य देव ने प्रत्येक प्राणी जीव के कल्याण मंगल जीवन के लिए हरी नाम संकीर्तन श्रेष्ठ साधन है। इसी उद्देश्य को लेकर राधा माधव कीर्तन मंडल के लोग हरि नाम कीर्तन करते हुए सभी का मंगल कामना करते हैं ।

यात्रा राधा शक्ति श्याम मंदिर लोहाई रोड से आरंभ होकर चौक नेहरू रोड पहुंची जहां दीप संस्था अध्यक्ष निम टंडन श्याम टंडन ने अपने संस्थान के सामने भव्य स्वागत किया।समाज सेवी संजय गर्ग ने पुष्प वर्षा आरती कर यात्रा का स्वागत किया यात्रा नितगंजा स्टेट बैंक रेलवे रोड होते हुए राधा माधव मंदिर गांधी कूचा में संपन्न हुई

कार्यक्रम राम-नाम, हरि-नाम एवं भजन-कीर्तन का आयोजन किया गया। भक्तों ने संकीर्तन करते हुए भगवान का गुणगान किया तथा वातावरण भक्तिमय हो गया। होली नाम संकीर्तन (रंग भरी यात्रा) नगर के विभिन्न मार्गों से होकर निकाली गई। यात्रा में श्रद्धालु फूलों की होली खेलते हुए नाचते-गाते चल रहे थे। जगह-जगह लोगों ने पुष्प वर्षा कर यात्रा का स्वागत किया।

पूज्य प्रभु चैतन्य देव के भक्तों ने श्रद्धा-भक्ति के साथ पूजा-अर्चना की तथा आरती के बाद प्रसाद वितरण किया गया। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की उपस्थिति रही। रंगोत्सव के दौरान भक्तों ने प्रेम, सौहार्द एवं भाईचारे का संदेश दिया। रंग यात्रा का समापन मंदिर परिसर में महा आरती के साथ संपन्न हुआ यात्रा में डॉक्टर मनोज मल्होत्रा विनोद अग्निहोत्री अंजुम दुबे सुदामा टंडन सुरेंद्र सफ़्फड़,अशोक विश्वकर्मा आदि लोग उपस्थित रहे कार्यक्रम में पुलिस प्रशासन की व्यवस्था विशेष रूप से मौजूद रही।

पीडीए रोजगार की तरफ बढ़े सपा के कदम दिव्यांग सर्वेश को दुकान की सौगात

0

फर्रुखाबाद। समाजवादी पार्टी जिला संगठन सामाजिक मुद्दों एवं समस्याओं से लेकर एस आई आर अभियान को लेकर जहां सक्रिय विपक्ष के रूप में काम कर रहा है वहीं दूसरी तरफ समाज के तमाम जरुरतमंद, बेसहारा और पीड़ित लोगों का सहयोग कर डॉ0 राम मनोहर लोहिया की कर्मभूमि पर समाजवाद को सींचने का काम भी हो रहा है।

जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव ने पिछले दिनों झोपड़ी में रह रहे निर्धन परिवारों को घर बनाकर पीडीए भवन के रूप में सपा मुखिया के हाथों लखनऊ में चाबियां दिलवाई थीं, कम्बल वितरण हो या राशन वितरण हो अथवा दुर्घटना में अपना इकलौता बेटा खोने वाले परिवार की आर्थिक मदद या गरीब बेटी की शादी में मदद कर कन्यादान तक अजीत यादव ने हर जगह अपने समाजवादी होने की छाप छोड़ी है।

समाजवादी पार्टी के जिला प्रवक्ता,सचिव राधेश्याम सविता ने बताया कि इसी क्रम में विधानसभा अमृतपुर के गांव भुड़िया निवासी दिव्यांग सर्वेश कुमार (लोनिया) चौहान ने जब अपने बेरोजगार होने की समस्या बताई तो समाजवादी पार्टी के जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव ने लकड़ी के खोखे में समान भरवाकर सपा जिलाध्यक्ष चंद्रपाल सिंह यादव एवं जिला महासचिव इलियास मंसूरी के हाथों फीता कटवाकर उस दुकान का शुभारंभ करवाया।

दुकान पर बैठते समय दिव्यांग सर्वेश कुमार की आँखें भर आईं और भावुक हो गए। इस मौके पर जिलाध्यक्ष श चंद्रपाल सिंह यादव ने कहा कि अजीत यादव हमारे मजबूत साथी हैं।जिला महासचिव इलियास मंसूरी ने कहा जरूरतमंद, असहाय लोगों के जो काम आए वही सच्चा समाजवादी है।अजीत यादव निस्वार्थ भाव से जरूरतमंद दीन दुखियों की मदद को खुलकर आगे आए हैं।जिला उपाध्यक्ष अजीत यादव ने कहा कि जनपद के किसी भी हिस्से में कोई वास्तविक पीड़ित, दुःखी जरूरतमंद है तो उसके लिए हमारे दरवाजे हमेशा खुले हैं।

इस मौके पर ब्लॉक अध्यक्ष बढ़पुर मुख्तार आलम, सपा बीएलए सूरज सिंह राठौर, अखिल कठेरिया, शीलू खां आदि पदाधिकारी साथी मौजूद रहे।