26 C
Lucknow
Thursday, March 5, 2026
Home Blog Page 56

चक्र सरसों तेल अधोमानक घोषित, फिर भी हो रहा सेल

0

बरेली: होली से पहले खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन (एफएसडीए) की जांच में सरसों तेल समेत कई खाद्य तेलों के नमूने अधोमानक पाए जाने से बाजार में हलचल मच गई है। फरीदपुर स्थित खंडेलवाल एडिवल ऑयल फैक्ट्री से लिए गए आठ नमूनों में से पांच नमूने लैब जांच में मानक पर खरे नहीं उतरे। इनमें कच्ची घानी सरसों तेल (चक्र ब्रांड), मल्टी सोर्स एडिवल ऑयल, रिफाइंड राइस ब्रान ऑयल, रिफाइंड सोयाबीन ऑयल और रैपसीड ऑयल शामिल हैं।

एफएसडीए प्रयोगशाला की रिपोर्ट सामने आने के बाद उपभोक्ताओं में असमंजस की स्थिति बन गई है। जिस ब्रांड पर लोग वर्षों से भरोसा करते आए थे, उसके नमूने अधोमानक पाए जाने से खाद्य तेल की गुणवत्ता पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। कारोबारी सूत्रों के अनुसार रिपोर्ट के बाद संबंधित ब्रांड की बिक्री प्रभावित हुई है, हालांकि कुछ स्थानों पर स्टॉक अब भी बाजार में उपलब्ध बताया जा रहा है।

त्योहारी सीजन को देखते हुए विभाग ने बरेली में ताबड़तोड़ छापेमारी की। मुख्य खाद्य सुरक्षा अधिकारी अक्षय कुमार गोयल के नेतृत्व में विभिन्न स्थानों से 10 खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए। राजेंद्रनगर स्थित रिद्धि इंटरप्राइजेज से 1191 किलोग्राम संदिग्ध सरसों तेल (अनुमानित मूल्य 1.77 लाख रुपये) जब्त कर सीज किया गया।

इसी कार्रवाई में 580 किलोग्राम संदिग्ध पनीर (मूल्य लगभग 1.16 लाख रुपये), 18 किलोग्राम खोया और 48 किलोग्राम कचरी भी जब्त कर नष्ट कराई गई। कानपुर में 786 किलोग्राम मिलावटी पनीर पकड़ा गया, जिसकी आपूर्ति बरेली के कारोबारी द्वारा किए जाने की बात सामने आई है। मामले की सूचना बदायूं प्रशासन को भी भेजी गई है, ताकि आपूर्ति श्रृंखला की जांच की जा सके।

जानकारों का कहना है कि उत्तर प्रदेश में खाद्य तेल का कारोबार 5,000 करोड़ रुपये से अधिक का है, जिसमें बरेली क्षेत्र की हिस्सेदारी करीब 1,000 करोड़ रुपये आंकी जाती है। ऐसे में अधोमानक उत्पादों की बिक्री उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा साबित हो सकती है।

एफएसडीए अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि सभी नमूनों की रिपोर्ट के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। विभाग ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे प्रमाणित और वैध पैकेजिंग वाले उत्पाद ही खरीदें तथा किसी भी संदिग्ध उत्पाद की सूचना तत्काल संबंधित विभाग को दें।

ओयो से जुड़े होटल पर उठे सवाल, पहचान सत्यापन और नियम पालन को लेकर शिकायतें

0

जलालाबाद/फर्रुखाबाद। जलालाबाद फर्रुखाबाद रोड पर संचालित ओयो रूम्स से जुड़े एक होटल के संचालन को लेकर स्थानीय स्तर पर गंभीर सवाल उठाए जा रहे हैं। क्षेत्रीय नागरिकों का आरोप है कि होटल में निर्धारित मानकों और प्रशासनिक दिशा-निर्देशों का पूर्ण पालन नहीं किया जा रहा है।

स्थानीय लोगों का कहना है कि होटल में बिना वैध पहचान पत्र के ग्राहकों को ठहराए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। साथ ही यह भी आरोप लगाया गया है कि नाबालिग लड़के-लड़कियों को प्रवेश दिए जाने की घटनाएं हुई हैं, जो नियमों का स्पष्ट उल्लंघन माना जाता है। हालांकि इन आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है।

निवासियों के अनुसार, अतिथियों की पहचान सत्यापन और रजिस्टर संधारण की प्रक्रिया में लापरवाही बरती जा रही है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि यह स्थिति न केवल प्रशासनिक नियमों के विरुद्ध है, बल्कि कानून-व्यवस्था और सामाजिक वातावरण की दृष्टि से भी चिंताजनक है।

सूत्रों के मुताबिक, हाल ही में एक विवादित घटना के बाद होटल कुछ समय के लिए बंद रहा, लेकिन बाद में पुनः संचालन शुरू कर दिया गया। इसके बाद स्थानीय लोगों में असंतोष बढ़ गया है। उनका कहना है कि यदि शिकायतें सही हैं तो संबंधित विभाग को औचक निरीक्षण कर वास्तविक स्थिति की जांच करनी चाहिए।

क्षेत्रवासियों ने प्रशासन से मांग की है कि होटल के लाइसेंस, पंजीकरण, अतिथि रजिस्टर और पहचान पत्र सत्यापन प्रक्रिया की जांच की जाए। यदि किसी प्रकार की अनियमितता पाई जाती है तो नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाए, ताकि क्षेत्र में सुरक्षा और सामाजिक संतुलन बना रहे।

इस संबंध में होटल प्रबंधन अथवा प्रशासन की ओर से अब तक कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है। स्थानीय नागरिकों ने उपजिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपकर निष्पक्ष जांच की मांग करने की बात कही है।

जुए पर बड़ी कार्रवाई: ₹3.98 लाख नगदी, 16 बाइक और 4 मोबाइल बरामद

0

शाहजहाँपुर। जनपद के शाहजहाँपुर में जुए के खिलाफ पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। थाना रोजा पुलिस ने ग्रामसभा मानपुर चचरी जंगल के पास छापेमारी कर चार लोगों को जुआ खेलते हुए गिरफ्तार किया। पुलिस ने मौके से ₹3,11,500 की माल फड़ रकम, ₹86,800 की जामा तलाशी, 52 ताश के पत्ते, चार मोबाइल फोन और 16 मोटरसाइकिलें बरामद कर सीज की हैं।

पुलिस अधीक्षक के निर्देश, अपर पुलिस अधीक्षक नगर के निर्देशन और क्षेत्राधिकारी सदर के पर्यवेक्षण में प्रभारी निरीक्षक राजीव कुमार के नेतृत्व में यह कार्रवाई 27 फरवरी 2026 की शाम करीब 5:40 बजे की गई। मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस टीम ने दिनेश यादव (40) निवासी मुकरमपुर रहीमपुर, मोहम्मद जैन (30) निवासी लोधीपुर, दिनेश मौर्या (46) निवासी रोशनगंज और कल्लू उर्फ आरिफ (55) निवासी सिसोरा नासिर, लखीमपुर खीरी को मौके से गिरफ्तार किया।

पुलिस के अनुसार एक प्लास्टिक कट्टे में रखी ₹3,11,500 की नकदी को माल फड़ बताया गया, जबकि चारों आरोपितों की तलाशी में कुल ₹86,800 बरामद हुए। साथ ही तीन एंड्रॉयड और एक कीपैड मोबाइल फोन जब्त किए गए। मौके पर खड़ी 16 मोटरसाइकिलों को धारा 207 एमवी एक्ट के तहत सीज कर दिया गया। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना रोजा में मु0अं0सं0 88/26 धारा 13 जुआ अधिनियम के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक कुछ आरोपितों पर पूर्व में भी विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जनपद में अवैध जुआ, शराब और अन्य आपराधिक गतिविधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में कानून व्यवस्था से खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।

4 मार्च को ‘ड्राई डे’ घोषित, उल्लंघन पर होगी कार्रवाई – डीएम

0

शाहजहांपुर: होली पर्व के अवसर पर जनपद में शांति एवं कानून व्यवस्था बनाए रखने के उद्देश्य से जिलाधिकारी धर्मेन्द्र प्रताप सिंह ने 4 मार्च 2026 को पूर्ण दिवस के लिए जनपद की समस्त देशी शराब, कम्पोजिट शॉप, मॉडल शॉप, भांग की फुटकर दुकानें तथा सी.एल.-2, एफ.एल.-2/2बी, थोक अनुज्ञापन, एम.ए.-4, एफ.एल.-6 (16/17) सहित सभी आसवनियां पूर्णतः बंद रखने के आदेश जारी किए हैं।

यह आदेश संयुक्त प्रान्त आबकारी अधिनियम की धारा-59 के अंतर्गत प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किया गया है। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया है कि पूर्व वर्षों की भांति इस वर्ष भी होली के दिन लोकहित में यह प्रतिबंध प्रभावी रहेगा।प्रशासन ने यह भी स्पष्ट किया है कि उक्त बंदी के लिए किसी भी अनुज्ञापी को कोई प्रतिफल देय नहीं होगा। संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालन सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए गए हैं।

बाल पोषाहार वितरण में गड़बड़ी का आरोप, विरोध करने पर अभद्रता व धमकी

0

शमशाबाद (फर्रुखाबाद)। बाल पोषाहार वितरण में कथित भ्रष्टाचार का विरोध करना एक परिवार को महंगा पड़ गया। आरोप है कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री ने पोषाहार की मांग करने पहुंची पीड़ित की पत्नी के साथ अपने पुत्रों के सहयोग से अभद्रता की और दोबारा केंद्र पर आने पर गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी। मामले में पीड़ित ने बाल विकास परियोजना अधिकारी (सीडीपीओ) शमशाबाद को शिकायती पत्र देकर जांच और कार्रवाई की मांग की है।

जानकारी के अनुसार विकासखंड शमशाबाद क्षेत्र के ग्राम करनपुर गंगतारा निवासी अलीम पुत्र सबीब ने शनिवार को सीडीपीओ कार्यालय में प्रार्थना पत्र दिया। पत्र में बताया गया है कि उसका 6 वर्षीय पुत्र रहान गांव में संचालित आंगनबाड़ी केंद्र में पंजीकृत है। आरोप है कि आंगनबाड़ी कार्यकत्री सुनीता हर माह बच्चे का अंगूठा लगवाकर ओटीपी तो पूछ लेती हैं, लेकिन सरकार द्वारा उपलब्ध कराया जाने वाला बाल पोषाहार—दाल, दलिया, रिफाइंड आदि—नहीं देतीं।

पीड़ित का कहना है कि जब भी पोषाहार के संबंध में पूछा जाता है, तो कार्यकत्री आज-कल का बहाना बनाती हैं या फिर पोषाहार समाप्त होने की बात कह देती हैं। आरोप है कि पूरा वर्ष बीत जाने के बावजूद बच्चे को पोषाहार के नाम पर कुछ भी उपलब्ध नहीं कराया गया।

शिकायती पत्र के अनुसार 28 फरवरी को पीड़ित की पत्नी आंगनबाड़ी केंद्र पहुंची और पोषाहार उपलब्ध कराने की मांग की। इस पर कार्यकत्री कथित रूप से आगबबूला हो गईं और अपने पुत्रों के साथ मिलकर गाली-गलौज करते हुए धमकी देने लगीं। आरोप है कि उन्होंने कहा कि यदि बाल पोषाहार के नाम पर दोबारा नजर आईं तो अंजाम अच्छा नहीं होगा।
पीड़ित ने आरोप लगाया कि अंगूठा लगवाकर और ओटीपी लेकर रिकॉर्ड में वितरण दर्शाया जा रहा है, जबकि वास्तविकता में पोषाहार नहीं दिया जा रहा। केंद्र में दबंगई के बल पर कथित भ्रष्टाचार चलने का आरोप लगाते हुए पीड़ित ने सीडीपीओ से निष्पक्ष जांच कर दोषियों के विरुद्ध कठोर कार्रवाई करने और परिवार को न्याय दिलाने की मांग की है।

इमली दरवाजा में तरावीह की नमाज में कुरान मुकम्मल, अमन-चैन की मांगी दुआ

0

शमसाबाद। कस्बे के मोहल्ला इमली दरवाजा स्थित इस्लाम कुरैशी के आवास पर रमजान माह के पावन अवसर पर तरावीह की नमाज का एहतिमाम उनके छोटे भाई रिज़वान कुरैशी की ओर से किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में अकीदतमंदों की मौजूदगी रही और पूरा माहौल इबादत व रूहानियत से सराबोर नजर आया।

मुफ्ती रिज़वान मजहरी के शागिर्द-ए-खास कारी दानिश रज़ा ने तरावीह की नमाज पढ़ाई। दसवीं तरावीह में कुरान-ए-पाक मुकम्मल किया गया, जिस पर उपस्थित लोगों ने अल्लाह का शुक्र अदा किया। कुरान मुकम्मल होने की खुशी में एक महफिल का आयोजन भी किया गया।

महफिल में हाफिज अजमल ने नाते पाक पेश की, जबकि हाफिज ज़ीशान ने मनकबत गौसे आज़म पढ़कर समां बांध दिया। इसके बाद मुफ्ती रिज़वान मजहरी ने रमजान की फजीलत, कुरान की बरकत और तरावीह व रोजे की अहमियत पर तकरीर करते हुए कहा कि रमजान का महीना रहमतों और बरकतों का महीना है। यह वही महीना है जिसमें कुरान-ए-पाक नाजिल हुआ।

उन्होंने कहा कि वह लोग बेहद खुशनसीब हैं, जिन्हें तरावीह में अल्लाह का कलाम सुनने का मौका मिला। यह हमारे नबी का सदका है कि हमें अल्लाह का कलाम सुनने और समझने की तौफीक मिलती है। अल्लाह तआला ने खुद फरमाया है कि “हमने ही इस कुरान को नाजिल किया है और हम ही इसकी हिफाजत करने वाले हैं।”

मुफ्ती साहब ने आगे कहा कि तरावीह अभी खत्म नहीं हुई है। तरावीह में कलाम-ए-पाक सुनना अलग सुन्नत है और पूरे माह तरावीह अदा करना अलग सुन्नत है। उन्होंने सभी मुसलमानों से रोजा रखने, इबादत करने और अल्लाह के हुक्मों पर चलने की अपील की।

कार्यक्रम के अंत में मुल्क में अमन-चैन, भाईचारे और खुशहाली के लिए सामूहिक दुआ की गई। इस अवसर पर सलमान अहमद (प्रधान प्रत्याशी, न्यामतपुर भुक्सी), तासीन सलमानी, छंगे सलमानी, मुजाहिद उवैसी, इरफान, नाजिर खान, ज़ीशान कुरैशी, राशिद वारसी, डॉ. सुहेल, मोहम्मद उवैस सहित अन्य लोग मौजूद रहे।