यूथ इंडिया संवाददाता
फर्रुखाबाद। ग्राम पंचायत सोताबहादुरपुर में सहायक विकास अधिकारी पंचायत सत्यनारायण सिंह ने सहायक विकास अधिकारी गोविंद यादव, प्रदीप यादव, अंकुश कटियार, सचिव अतुल अग्निहोत्री, ग्राम रोजगार सेवक संजय शर्मा, और प्रधान पति नसरुद्दीन के साथ मिलकर बाजार एवं घर-घर जाकर स्वच्छता के प्रति लोगों को जागरूक किया। इस अभियान के दौरान सडक़ पर गंदगी फैलाने वाले दुकानदारों से जुर्माना वसूला गया और लोगों से स्वच्छता यूजर चार्ज भी लिया गया।
खंड विकास अधिकारी बलराम सिंह ने भी मौके पर पहुंचकर ग्रामवासियों को यूजर चार्ज देने के लिए प्रेरित किया। सहायक विकास अधिकारी पंचायत सत्यनारायण सिंह ने दुकानदारों एवं ग्रामीणों से अपील की कि वे कूड़ा सडक़ पर न फेंके और अपनी दुकान के सामने डस्टबिन अवश्य रखें। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि खुले में कूड़ा पाया गया तो जुर्माना वसूला जाएगा।
इस स्वच्छता जागरूकता और यूजर चार्ज वसूली अभियान के दौरान 31 घरों और 21 दुकानों पर जाकर लोगों को जागरूक किया गया और कुल 4430 रुपये की धनराशि वसूली गई। इसके अतिरिक्त, दो दुकानों पर गंदगी फैलाने पर 500-500 रुपये का जुर्माना भी लगाया गया। खंड विकास अधिकारी बलराम सिंह ने बताया कि जब तक शत-प्रतिशत यूजर चार्ज की वसूली नहीं हो जाती, तब तक प्रतिदिन यह अभियान जारी रहेगा।
ग्राम पंचायत सोताबहादुरपुर में स्वच्छता जागरूकता और यूजर चार्ज वसूली अभियान
बाल कल्याण समिति की बैठक का आयोजन चार सितंम्बर को
यूथ इंडिया संवाददाता
फर्रुखाबाद। आगामी 4 सितंबर को जिलाधिकारी की अध्यक्षता में बाल कल्याण एवं संरक्षण समिति, मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना, और बाल विवाह से संबंधित बैठक का आयोजन किया जाएगा। यह बैठक कलेक्ट्रेट सभागार में शाम 4:30 बजे से आयोजित होगी।
इस बैठक का उद्देश्य किशोर न्याय (बालकों की देखरेख एवं संरक्षण) अधिनियम 2015 के प्रावधानों के तहत विभिन्न कार्यों की समीक्षा करना है, जिसमें जरूरतमंद बच्चों के संरक्षण, कल्याण और पुनर्वास के साथ-साथ बाल विवाह की रोकथाम जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर चर्चा की जाएगी। कोविड-19 महामारी के कारण प्रभावित बच्चों के पुनर्वास के लिए संचालित 3000 मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना के अंतर्गत गठित टास्क फोर्स की समीक्षा भी इस बैठक का एक महत्वपूर्ण हिस्सा होगी।
बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारियों को अनिवार्य रूप से उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं। इसमें जिला अधिकारी, पुलिस अधीक्षक, मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला कार्यक्रम अधिकारी, जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी सहित कुल 31 अधिकारी और सदस्य शामिल होंगे। इस बैठक में होने वाले निर्णयों के बारे में आगे की कार्यवाही सुनिश्चित की जाएगी। यह बैठक जिले में बाल संरक्षण और कल्याण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है, जहां विभिन्न विभागों के अधिकारी समन्वय स्थापित करके बच्चों के भविष्य को सुरक्षित करने के प्रयासों को आगे बढ़ाएंगे।
कायमगंज कांड: पुलिस की बड़ी सफलता, दो युवकों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज
यूथ इंडिया संवाददाता
कायमगंज, फर्रुखाबाद। मंगलवार सुबह कायमगंज क्षेत्र के एक बाग में फांसी के फंदे पर लटकते हुए दो सहेलियों के शव मिलने से पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। इस दिल दहला देने वाली घटना ने न केवल स्थानीय समुदाय को स्तब्ध कर दिया, बल्कि इसने पुलिस प्रशासन को भी कड़ी कार्रवाई के लिए प्रेरित किया। मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने दो युवकों पर आत्महत्या के लिए उकसाने का मुकदमा दर्ज किया है।
घटना कायमगंज कोतवाली क्षेत्र के ग्राम भगौतीपुर की है, जहां सुबह बाग में दोनों युवतियों के शव पेड़ से लटकते हुए पाए गए। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इस हृदयविदारक घटना ने पूरे क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया।
मृतक युवतियों के परिजनों ने आरोप लगाया है कि दोनों सहेलियों को आत्महत्या के लिए उकसाया गया था। इसके आधार पर पुलिस ने दो युवकों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। इन दोनों नामजद युवकों दीपक पुत्र शिवदयाल, निवासी भैंसार धर्मपुर, थाना कम्पिल, पवन पुत्र सैंकूलाल, निवासी भगौतीपुर के खिलाफ धारा 108 बीएनएस के तहत मु0अ0सं0 176/24 के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है।
पुलिस की इस कार्रवाई से स्थानीय स्तर पर जारी तनाव को नियंत्रित करने में मदद मिलने की उम्मीद है। मुकदमे की जांच का जिम्मा कायमगंज कोतवाली प्रभारी इंस्पेक्टर राम अवतार को सौंपा गया है। पुलिस ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं और उन्हें जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से यह संकेत मिल रहा है कि इस मामले में कोई भी ढिलाई बर्दाश्त नहीं की जाएगी। इस घटना ने स्थानीय राजनीतिक माहौल को भी गरमा दिया था, लेकिन पुलिस की इस बड़ी कार्रवाई के बाद अब इस मुद्दे पर जारी बयानबाजी पर भी विराम लगने की उम्मीद है।
पुलिस की सख्ती के बाद विपक्षी नेताओं के लिए इस घटना का राजनीतिक फायदा उठाना मुश्किल हो सकता है। इस घटना के बाद से पूरे क्षेत्र में गम और गुस्से का माहौल है। परिजनों और स्थानीय निवासियों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई से समुदाय में कुछ हद तक संतोष देखने को मिल रहा है, लेकिन लोग अभी भी न्याय की मांग कर रहे हैं।
अलीगढ़ के ‘खैर’ वाले कह रहे हैं, इस बार भाजपा की ख़ैर नहीं : अखिलेश यादव
लखनऊ। उत्तर प्रदेश की 10 विधानसभा सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर सियासी सरगर्मी बढ़ती जा रही है। जल्द ही चुनाव की तारीखों का एलान हो जाएगा। उपचुनाव को लेकर भाजपा ओर समाजवादी पार्टी ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी है। अलीगढ़ की खैर विधानसभा सीट पर भी उपचुनाव होगा। इसको लेकर सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने भाजपा पर निशाना साधा है। उन्होंने कहा कि, अलीगढ़ के ‘खैर’ वाले कह रहे हैं, इस बार भाजपा की ख़ैर नहीं…
सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव (Akhilesh Yadav) ने सोशल मीडिया एक्स पर लिखा कि, भाजपा जिस तरह से संविधान को बदलने की बात कहकर ‘आरक्षण’ को अप्रत्यक्ष रूप से नकारती है, उसी तरह से समाज-विभाजन की बात कहकर ‘जातीय जनगणना’ को नकारती है।
जन-विरोधी भाजपा ऐसी बातें सीधे कहने की बजाय अपने दशमुखियों से करवाती है और जब जन-विरोध बढ़ता है तो बेशर्मी से वापस लेने की बात भी करती है और मोहरे बने बेचारों से पल्ला झाड़ लेती है। ऐसे में वो बेचारे, जनता का आक्रोश झेलने के लिए मुंह ताकते रह जाते हैं बेसहारे। भाजपा अपनों की ही सगी नहीं है, जनता की क्या होगी। अलीगढ़ के ‘खैर’ वाले कह रहे हैं, इस बार भाजपा की ख़ैर नहीं।
हमलावर रहे योगी, बोले-बेशर्मी से बेशर्म का समर्थन कर रहे थे सपा मुखिया
बता दें कि, उत्तर प्रदेश में जिन 10 सीटों पर उपचुनाव होने वाले हैं, उसमें कटेहरी, करहल, मिल्कीपुर, मीरापुर, गाजियाबाद, मझावां, खैर, फूलपुर, कुंदरकी और सीसामऊ विधानसभा सीट शामिल है।
देश में बढ़ी अरबपतियों की संख्या, शाहरुख खान को भी मिली दौलतमंदों की सूची में जगह
नई दिल्ली। भारतीय अर्थव्यवस्था में आ रही मजबूती के कारण देश में अल्ट्रा रिच लोगों की संख्या में काफी तेजी से बढ़ोतरी हो रही है। देश में 100 करोड डॉलर या इससे अधिक संपत्ति वाले अरबपतियों की संख्या बढ़ कर 334 हो गई है। सालाना आधार पर अरबपतियों की संख्या में 29 प्रतिशत की बढ़ोतरी हुई है। ये बात इसलिए भी महत्वपूर्ण मानी जा रही है, क्योंकि भारत में जहां अरबपतियों की संख्या में 29 प्रतिशत का इजाफा हुआ है, वहीं भारत के पड़ोसी देश और दुनिया की दूसरी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था चीन में अरबपतियों की संख्या में इसी दौरान 25 प्रतिशत की कमी दर्ज की गई है।
हुरून इंडिया द्वारा जारी की गयी अमीरों की सूची में पहली बार बॉलीवुड अभिनेता शाहरुख खान (Shahrukh Khan) को भी स्थान मिला है। आईपीएल टीम कोलकाता नाइट राइडर्स और बॉलीवुड की प्रोडक्शन कंपनी रेड चिलीज एंटरटेनमेंट के ओनर शाहरुख खान (Shahrukh Khan) की संपत्ति 7,300 करोड़ रुपये आंकी गई है। हुरून इंडिया के फाउंडर अनस रहमान जुनैद का कहना है कि भारत पूरे एशिया में दौलतमंदों का गढ़ बनता जा रहा है। ये बात भारत में अरबपतियों की संख्या में हुई बढ़ोतरी से स्पष्ट रूप से पता चलती है। हुरून इंडिया की सूची में 1,539 ऐसे लोगों के नाम शामिल किए गए हैं, जिनके पास एक हजार करोड़ रुपये से अधिक संपत्ति है। एक हजार करोड़ रुपये से अधिक संपत्ति वाले अरबपतियों की सूची में इस बार 272 नए नाम जेड़े हैं। अनस रहमान जुनैद का कहना है कि अरबपतियों की संख्या में हुई बढ़ोतरी भारतीय इकोनॉमी के मजबूत भविष्य की तस्वीर दिखाने वाली है।
इस सूची को जारी करते हुए बताया गया है की पिछले साल हर 5 दिन के अंतर पर एक नए अमीर को इस सूची में जगह मिली है। नए अमीर के रूप में इस सूची से जुड़ने वाले लोगों में सबसे अधिक लोग मुंबई के हैं, जबकि नए अमीरों के मामले में दिल्ली दूसरे स्थान पर बना हुआ है। इसी तरह हैदराबाद अमीरों के मामले में तीसरे स्थान पर और बेंगलुरु अमीरों के मामले में चौथे स्थान पर इस सूची में अपनी जगह बनाने में सफल रहा है।
हुरून इंडिया की ओर से बताया गया है कि इस साल के अमीरों की सूची में 11 ऐसे लोगों का नाम भी शामिल है, जिनका जन्म 90 के दशक में हुआ है। मतलब ये 11 लोग अधिकतम 33 से 34 साल के हैं। सूची में शामिल अमीरों में सबसे कम उम्र कॉमर्शियल ऐप जेप्टो के फाउंडर कैवल्य वोहरा की है। कैवल्य वोहरा सिर्फ 21 साल की उम्र में ही इस सूची में अपना नाम शामिल करने में सफल रहे हैं। इसी तरह जेप्टो के ही को-फाउंडर आदित पालिचा सिर्फ 22 साल की उम्र में इस सूची में अपना स्थान बनाने में सफल रहे हैं।
मुकेश अंबानी ने की एआई क्लाउड की घोषणा, 100 जीबी तक फ्री मिलेगा क्लाउड स्टोरेज
मुंबई। देश के जाने-माने उद्योगपति एवं रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड (आरआईएल) के चेयरमैन मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) ने गुरुवार को 47वीं वार्षिक आम बैठक (एजीएम) में जियो एआई क्लाउड वेलकम ऑफर का ऐलान किया। उन्होंने एजीएम को संबोधित करते हुए कहा कि इसमें जियो यूजर्स को 100 जीबी तक का फ्री क्लाउड स्टोरेज मिलेगा। आरआईएल-डिज्नी विलय पर कहा कि यह भारत के मनोरंजन उद्योग में एक नए युग की शुरुआत है।
मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) ने 47वीं एजीएम के दौरान शेयरधारकों को संबोधित करते हुए कहा, मैं जियो एआई क्लाउड वेलकम ऑफर की घोषणा करते हुए रोमांचित हूं। आज, मैं घोषणा कर रहा हूं कि जियो उपयोगकर्ताओं को अपने सभी फोटो, वीडियो, दस्तावेज, डेटा और अन्य सभी डिजिटल सामग्री को सुरक्षित रूप से स्टोर करने और एक्सेस करने के लिए 100 जीबी तक मुफ्त क्लाउड स्टोरेज मिलेगा। उन्होंने कहा कि हमारे पास अधिक स्टोरेज की आवश्यकता वाले लोगों के लिए बाजार में सबसे किफायती कीमतें भी होंगी। हम इस साल दिवाली से जियो एआई क्लाउड वेलकम ऑफर लॉन्च करने की योजना बना रहे हैं। इसके साथ ही मुकेश अंबानी ने कहा कि रिलायंस 5 सितंबर, 2024 को 1:1 रेश्यो में बोनस इश्यू देने पर विचार करेगी।
मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) ने कहा कि उनका तेल से लेकर दूरसंचार तक का कारोबार करने वाला समूह अल्पकालिक लाभ कमाने और संपत्ति जमा करने के कारोबार में नहीं है, बल्कि उसका ध्यान देश के लिए धन सृजन पर है। आरआईएल के शेयरधारकों की 47वीं सालाना आम बैठक को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि कंपनी देश की ऊर्जा सुरक्षा के लिए काम कर रही है। उन्होंने कहा कि जियो 8 सालों में दुनिया की सबसे बड़ी मोबाइल डेटा कंपनी बन गई है। प्रत्येक जियो यूजर्स प्रति माह 30 जीबी डेटा का उपभोग करता है। इसकी कीमत विश्व एवरेज की एक चौथाई है।
उन्होंने लोकसभा चुनाव में जीत के लिए प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी को बधाई दी। अंबानी ने बताया कि दुकानों की संख्या के मामले में शीर्ष 5 वैश्विक खुदरा विक्रेताओं में रिलायंस रिटेल शामिल है। बाजार पूंजीकरण के मामले में यह शीर्ष 10 खुदरा विक्रेताओं में शामिल है। कर्मचारियों की संख्या के मामले में भी शीर्ष 20 खुदरा विक्रेताओं की सूची में रिलायंस रिटेल का नाम शामिल है।
आरआईएल-डिज्नी विलय पर मुकेश अंबानी (Mukesh Ambani) ने कहा कि यह भारत के मनोरंजन उद्योग में एक नए युग की शुरुआत है। उन्होंने कहा कि हम कंटेंट निर्माण को डिजिटल स्ट्रीमिंग के साथ जोड़ रहे हैं।






