– भव्य समारोह में देशभर से जुटे पत्रकार, वकील और प्रबुद्धजन
– केंद्रीय मंत्रियों और प्रबुद्ध वर्ग ने मीडिया जगत में नाविका कुमार की भूमिका को सराहा
नई दिल्ली। पत्रकारिता जगत में अपनी बेबाक शैली, प्रभावी संवाद और समसामयिक मुद्दों पर मजबूत पकड़ के लिए जानी जाने वाली टाइम्स नाउ और टाइम्स नाउ नवभारत की समूह प्रधान संपादक नाविका कुमार को सोमवार को प्रतिष्ठित ‘पंडित हरिदत्त शर्मा पुरस्कार’ से सम्मानित किया गया। नई दिल्ली स्थित प्रधानमंत्री संग्रहालय सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में देश के जाने-माने पत्रकारों, अधिवक्ताओं, सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों और प्रबुद्ध वर्ग की गरिमामयी मौजूदगी रही।
पंडित हरिदत्त शर्मा समिति की ओर से आयोजित समारोह में नाविका कुमार के पत्रकारिता क्षेत्र में योगदान को रेखांकित करते हुए उन्हें यह सम्मान प्रदान किया गया। समारोह में उनके लंबे पत्रकारिता अनुभव, समसामयिक राष्ट्रीय मुद्दों पर उनकी निर्भीक प्रस्तुति और प्रभावी एंकरिंग की विशेष रूप से चर्चा हुई।
कार्यक्रम में केंद्रीय पेट्रोलियम एवं प्राकृतिक गैस मंत्री हरदीप सिंह पुरी तथा केंद्रीय संस्कृति एवं पर्यटन मंत्री गजेंद्र सिंह शेखावत मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं पूर्व केंद्रीय संस्कृति राज्यमंत्री एवं सांसद डॉ. महेश शर्मा और संयुक्त राष्ट्र की पूर्व सहायक महासचिव एवं राजदूत तथा लेखिका लक्ष्मी मुरदेश्वर पुरी विशिष्ट अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। कार्यक्रम में मीडिया और सार्वजनिक जीवन से जुड़े कई चर्चित चेहरों के साथ बड़ी संख्या में पत्रकार एवं बुद्धिजीवी शामिल हुए।
बेबाक पत्रकारिता के लिए पहचानी जाती हैं नाविका कुमार
नाविका कुमार भारतीय टेलीविजन पत्रकारिता का जाना-पहचाना नाम हैं। लंबे समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय नाविका कुमार ने राजनीतिक, सामाजिक और राष्ट्रीय महत्व के विषयों पर अनेक महत्वपूर्ण चर्चाओं और कार्यक्रमों का संचालन किया है। उनकी पत्रकारिता की पहचान सीधे सवाल, स्पष्ट संवाद और समसामयिक विषयों की गहरी समझ के रूप में बनी है।
सम्मान समारोह में वक्ताओं ने कहा कि लोकतंत्र में पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं, बल्कि समाज और सत्ता के बीच संवाद का महत्वपूर्ण सेतु भी है। ऐसे में पत्रकारिता के क्षेत्र में लंबे समय तक सक्रिय रहकर अपनी अलग पहचान बनाने वाले पत्रकारों का सम्मान नई पीढ़ी के पत्रकारों को प्रेरणा देता है।
समारोह का वातावरण पूरी तरह गरिमामय रहा। अतिथियों और पूर्व प्रधानमंत्री चंद्रशेखर के राजनैतिक सलाहकार प्रो. एच. एन. शर्मा ने नाविका कुमार को पुरस्कार मिलने पर बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। कार्यक्रम के बाद आयोजित प्रतिभोज में भी पत्रकारिता, कानून, राजनीति और सामाजिक क्षेत्र से जुड़े लोगों ने हिस्सा लिया।


