कमालगंज। गंगा दशहरा के पावन पर्व पर गंगा स्नान करने गए एक युवक की गहरे पानी में डूबने से दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद गंगा घाट पर अफरा-तफरी मच गई, जबकि मृतक के परिवार में कोहराम मच गया है।
जानकारी के अनुसार थाना कमालगंज क्षेत्र के इंदिरा नगर निवासी कृष्णा पुत्र फूलचंद वाल्मीकि गंगा दशहरा के अवसर पर नए गंगा पुल के पास गंगा स्नान करने गया था। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक स्नान के दौरान उसका पैर फिसल गया, जिससे वह गहरे पानी में चला गया और देखते ही देखते डूबने लगा।
घाट पर मौजूद श्रद्धालुओं और अन्य स्नानार्थियों ने युवक को बचाने का प्रयास किया। लोगों ने तत्काल नदी में उतरकर उसे तलाशने की कोशिश की, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी। काफी मशक्कत के बाद स्थानीय लोगों की मदद से युवक को नदी से बाहर निकाला गया, लेकिन उसकी मौत हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही कमालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर आवश्यक जानकारी जुटाई और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
गंगा दशहरा जैसे धार्मिक पर्व पर हुई इस दुखद घटना से क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई। मृतक के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से गंगा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और गोताखोरों की तैनाती बढ़ाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।
पुलिस का कहना है कि मामले की विधिक कार्रवाई की जा रही है तथा पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की प्रक्रिया पूरी की जाएगी।


