मोहम्मदाबाद। इटावा-बरेली हाईवे पर खिमसेपुर स्थित प्राथमिक विद्यालय के पास मंगलवार दोपहर अज्ञात डंपर की टक्कर से बाइक सवार की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। हादसे के बाद चालक वाहन लेकर मौके से फरार हो गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया।
मेरापुर थाना क्षेत्र के ग्राम नदौरा निवासी ज्ञान सिंह के 46 वर्षीय पुत्र भूपाल सिंह यादव उर्फ भूरे अपने साढ़ू के घर थाना क्षेत्र के ग्राम दाऊदपुर बखरिया से करीब तीन बजे बाइक से घर की ओर जा रहे थे। इटावा-बरेली हाईवे पर खिमसेपुर के प्राथमिक जूनियर विद्यालय के निकट पहुंचते ही सामने से आ रहे अज्ञात वाहन ने उनकी बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि भूपाल सिंह करीब तीन मीटर तक सड़क पर घिसटते चले गए और उनकी मौके पर ही मौत हो गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर मोर्चरी भिजवा दिया। कार्यवाहक थाना प्रभारी मुन्ना लाल ने बताया कि मार्ग दुर्घटना की जांच की जा रही है और अज्ञात वाहन की तलाश की जा रही है।
मृतक के दो पुत्र हैं। बड़ा पुत्र सचिन (25) विवाहित है, जबकि छोटा पुत्र प्रांशु (16) है। भूपाल सिंह चार भाइयों में दूसरे नंबर के थे और कृषि कार्य करते थे। हादसे की खबर मिलते ही मृतक की मां कंठश्री और पत्नी नेमा देवी का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया।


