शाहजहाँपुर। महिलाओं की सुरक्षा, सम्मान और स्वावलंबन को लेकर चलाए जा रहे ‘मिशन शक्ति फेज 5.0’ के तहत थाना कटरा पुलिस ने एक सराहनीय पहल करते हुए टूटने की कगार पर खड़े एक परिवार को बिखरने से बचा लिया। पुलिस की सूझबूझ और संवेदनशील काउंसलिंग से पति-पत्नी के बीच सुलह हो गई और दोनों खुशी-खुशी साथ घर लौट गए। रविवार को थाना कटरा में एक महिला ने प्रार्थना पत्र देकर अपने पति पर गाली-गलौज और मारपीट का आरोप लगाया। घरेलू विवाद इस कदर बढ़ चुका था कि मामला परिवार टूटने तक पहुंच गया था। मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) के पर्यवेक्षण में कटरा पुलिस ने तत्काल कार्रवाई की। ‘मिशन शक्ति’ की भावना के अनुरूप दोनों पक्षों को थाने बुलाकर समझाने-बुझाने की प्रक्रिया शुरू की गई। काउंसलिंग के दौरान पुलिस टीम ने दोनों पक्षों की बात धैर्यपूर्वक सुनी और उन्हें रिश्तों की अहमियत के साथ-साथ कानूनी परिणामों से भी अवगत कराया। काफी देर तक चली वार्ता के बाद पति-पत्नी आपसी सहमति से विवाद समाप्त करने को तैयार हो गए। इस दौरान पति ने अपनी गलती स्वीकार करते हुए भविष्य में ऐसी घटना न दोहराने का आश्वासन दिया। इसके बाद महिला अपने पति के साथ सकुशल घर लौट गई। कटरा पुलिस की इस मानवीय पहल की स्थानीय लोगों ने सराहना की है और इसे ‘मिशन शक्ति’ की सफल पहल के रूप में देखा जा रहा है।


