मेरठ: यूपी के मेरठ (Meerut) में खरखदा के पहलवान ढाबे पर काम करने वाले शाहिद निवासी हापुड़ ने जहर खाकर जान दे दी। अस्पताल मे दिए वीडियो रिकॉर्डिंग बयान (video recording statement) में उसने अपनी प्रेमिका के परिजनों द्वारा टॉर्चर किए जाने से आहत होकर यह कदम उठाने की बात कही।
चार दिन पहले युवती के परिजनों ने शाहिद को बातचीत के बहाने अपने घर बुलाया। वहां उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी भी दी गई। इस घटना से आहत होकर शाहिद ने जहरीला पदार्थ निगल लिया। हालत बिगड़ने पर उसे मेरठ के एनसीआर मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था।
इलाज के दौरान शाहिद ने वीडियो रिकॉर्डिंग में प्रेमिका के परिजनों को अपनी मौत का जिम्मेदार बताया और उनके खिलाफ कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने अस्पताल में ही उसके बयान दर्ज किए थे। हालांकि बीती रात उपचार के दौरान शाहिद की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।


