एटा। जनपद में गुरुवार देर रात एक भीषण सड़क हादसे में पांच लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि कई अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा बागवाला थाना क्षेत्र के कीलरमऊ गांव के पास उस समय हुआ, जब फर्रुखाबाद से एटा आ रही एटा डिपो की रोडवेज बस अचानक खराब हो गई। चालक ने बस को सड़क किनारे खड़ा कर दिया और कुछ यात्री बस को दोबारा स्टार्ट कराने के लिए पीछे से धक्का लगाने लगे। इसी दौरान पीछे से तेज रफ्तार कंटेनर ने बस में जोरदार टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि बस को धक्का लगा रहे यात्री बस और कंटेनर के बीच दब गए, जबकि बस के आगे खड़े कुछ लोग भी इसकी चपेट में आ गए। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही पुलिस और स्थानीय लोग मौके पर पहुंचे तथा घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया।
अस्पताल में चिकित्सकों ने फर्रुखाबाद के नवाबगंज थाना क्षेत्र के दौलतपुर निवासी राजेश (34), पिलखना निवासी सुखराम, उम्मरपुर निवासी शैलेश कुमार तथा बुलंदशहर के स्याना थाना क्षेत्र के भरी निवासी सत्येंद्र को मृत घोषित कर दिया। एक अन्य मृतक की पहचान समाचार लिखे जाने तक नहीं हो सकी थी। हादसे में रवि, विक्रांत, आनंद सिंह और दक्ष समेत कई लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार मेडिकल कॉलेज में चल रहा है।
पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटाकर यातायात बहाल कराया और मामला दर्ज कर कंटेनर चालक की तलाश शुरू कर दी है। इस भीषण हादसे के बाद मृतकों के परिवारों में कोहराम मचा हुआ है, जबकि क्षेत्र में शोक की लहर दौड़ गई है।


